एशिया की पहली प्रदर्शनी: बनाइए अपना घर बुलेट प्रूफ!

नई दिल्ली. जो लोग अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर हैं तो उन्हें प्रगति मैदान में आयोजित बुलेट प्रूफ व एंटी थैफ्ट ग्लास प्रदर्शनी में जरूर जाना चाहिए। विश्व की तीसरी और एशिया की पहली एस टेक प्रदर्शनी (हाल नंबर 8) में इस ग्लास का डेमॉस्ट्रेशन देख सकते हैं।
45 एमएम के सात लेयर वाले ग्लास एके 47 जैसे मारक हथियार, 9 एमएम का ग्लास 9 एमएम कैलिबर के पिस्टल की गोलियों को सहन कर सकते हैं तो 21 एमएम का एंटी थैफ्ट ग्लास चोरों को असफल करने के लिए काफी हैं।
एसके टफ ग्लास के डायरेक्टर तेजपाल सिंह ने बताया कि पहले इन ग्लासों को सिर्फ निर्यात या सरकार की अनुमति से ही बेचा जाता था लेकिन अब कोई भी खरीद सकता है। इसे ऑर्डर करने के सात दिनों में ही लगवा दिया जाता है।
हॉल नंबर 12 में बिल्ट इन टीवी वार्ड रौब, रिमोट से बंद व खुलने वाले किचन, बार के अलावा वॉक इन वार्डरोब को प्रदर्शित किया गया है। इसे देश में पहली बार एस टेक प्रदर्शनी में लांच किया गया है। यहीं माड्यूलर वार्ड रौब किचन की आधुनिक रेंज भी पेश की गई है, जिनके खाने रिमोट से खुलते और बंद होते हैं।
4बाय4 का एक ऐसा वार्ड रौब है जिसमें अंदर प्रवेश कर कपड़े बदल सकते हैं। जर्मन बोर्ड और ग्लास से बने इस वार्डरोब की कीमत लाखों में है।
प्रदर्शनी में देश-विदेश के सैकड़ों प्रदर्शक गृह सज्जा, निर्माण से लेकर सेनेटरी, फर्नीचर, रंग रोगन, आधुनिक किचन, वार्डरोब के डिजाइन प्रदर्शित किए हैं। प्रदर्शनी में चीन, जापान, थाइलैंड सहित कई देशों की प्रसिद्ध कंपनियां भाग ले रही हैं।








