कार की टक्कर से बच्चे की मौत, आरोपी गिरफ्तार
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 01:52(10/02/12)
नई दिल्ली. गीता कालोनी में बुधवार रात एक शादी समारोह से अपने माता-पिता के साथ लौट रहे एक बच्चे की कार से कुचलकर मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। बच्चे के परिजनों का आरोप है कि चालक नशे में धुत था। पुलिस ने कार से शराब की बोतलें भी बरामद की हैं, लेकिन आरोपी के नशे में होने की बात से वह इनकार कर रही है।
जानकारी के मुताबिक करावल नगर के शिव विहार की गली नंबर नौ में अपने परिवार के साथ रहने वाला सात वर्षीय हेमंत बुधवार काे अपने माता-पिता के साथ गीता कालोनी में आयोजित एक शादी समाराेह में गया था। जब रात को वह लौटते समय सड़क पार कर रहा था तभी एक तेज रफ्तार कार ने उसे जाेरदार टक्कर मार दी, लेकिन उसके माता-पिता बाल-बाल बच गए।
हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। बाद में हेमंत को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया जहां, डॉक्टराें ने उसे मृत घाेषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि कार चालक शराब के नशे में था। कार से पुलिस काे शराब की बाेतलें भी मिली है। बाद में चालक अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि चालक नशे में नहीं था। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है।