बिजली कंपनियों के रवैये से नाराज मुख्यमंत्री ने लगाई फटकार
नई दिल्ली. कड़ाके की सर्दी में राजधानी में लगातार कुछ दिनों से बिजली की अघोषित कटौती से नाराज मुख्यमंत्री ने रविवार को बिजली कंपनियों को फटकार लगाई।
मुख्यमंत्री के संसदीय सचिव मुकेश शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने निजी बिजली कंपनियों के बिजली आपूर्ति में कटौती किए जाने पर कंपनियों से नाराजगी जताई है।
सर्द मौसम में बिजली कंपनियों के रवैये से नाराज मुख्यमंत्री ने दिल्ली के मुख्य सचिव को निर्देश दिया है कि वे इस संबंध में तुरंत कार्यवाही करें और उपभोक्ताओं को राहत दिलाएं।
शर्मा ने मुख्यमंत्री का हवाला देते हुए कहा कि यदि बिजली कंपनियों ने अपना रवैया ठीक नहीं किया तो इस संबंध में सरकार कठोर कदम उठा सकती है। उन्होंने कहा कि राजधानी की अनधिकृत और तंग कॉलोनियों में कई घंटे तक बिजली कटौती से लोगों के होने वाली परेशानी को सहन नहीं किया जाएगा।
इस संबंध में जल्दी ही उच्च स्तरीय बैठक बुलाई जाएगी। बता दें कि दादरी पावर प्लांट से करीब 500 मेगावाट, दामोदर वैली कॉरपोरेशन के एमटीपीएस7 पावर प्लांट से करीब 300 मेगावाट,
चंद्रपुरा पावर प्लांट से करीब200 मेगावाट बिजली दिल्ली को मिलती रही है, लेकिन बिजली वितरण कंपनियों का कहना है कि बिजली नहीं मिलने की वजह दादरी प्लांट में कोयले की कमी, दामोदर वैली कॉरपोरेशन की एमटीपीएस7 यूनिट में तकनीकी खामियां हैं।







