दिल्ली से मिली सूचना पर चेन्नई और बेंगलुरू में तस्कर पकड़े
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 02:37(09/02/12)
नई दिल्ली। आईजीआई एयरपोर्ट पर तैनात कस्टम अधिकारियों की सूचना पर बुधवार को बेंगलुरू एवं चेन्न्ई एयरपोर्ट से दो महिलाओं सहित तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से कस्टम अधिकारियों ने 93,920 मेमोरी कार्ड बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब एक करोड़ 56 लाख 8 हजार रुपए आंकी गई है।
एडिशनल कस्टम कमिश्नर (आईजीआई एयरपोर्ट) अरुण कुमार के अनुसार पहला मामला अशोक कुमार एवं पूजा तलवार का है। ये दोनों मूल रूप से दिल्ली के रहने वाले हैं। आईजीआई एयरपोर्ट पर तैनात कस्टम विभाग के एयर इंटेलीजेंस यूनिट को सूचना मिली कि अशोक एवं पूजा गैरकानूनी तरीके से मेमोरी कार्ड लेकर चेन्नई एयरपोर्ट पहुंचने वाले हैं, जिसके बाद कस्टम अधिकारियांे ने तत्काल इसकी सूचना चेन्नई एयरपोर्ट पर तैनात कस्टम यूनिट को दी। थाई एयरवेज की फ्लाइट टीजी-337 से जैसे ही पूजा व अशोक चेन्नई एयरपोर्ट पहुंचे वैसे ही कस्टम अधिकारियों ने उनको हिरासत में ले लिया।
तलाशी के दौरान अशोक के कब्जे से 30 हजार एवं पूजा के कब्जे से 32,400 मेमोरी कार्ड बरामद किए गए। इनकी की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 93.04 लाख रुपए आंकी गई है। इसी तरह, एक दूसरा मामला रोजी भाटिया का है, जिसको आईजीआई एयरपोर्ट पर तैनात कस्टम विभाग की एयर इंटेलीजेंस यूनिट की सूचना पर बेंगलुरू एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया। दिल्ली मूल की रोजी हांगकांग से आने वाली फ्लाइट केए-152 से बेंगलुरू एयरपोर्ट पहुंची थी। रोजी के कब्जे से कस्टम अधिकारियों ने 31,520 मैमोरी कार्ड बरामद किए हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 63.04 लाख रुपए आंकी गई है।