गोपाल कांडा और अरुणा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

एयरहोस्टेस गीतिका शर्मा खुदकुशी मामले मे मुख्य आरोपी और हरियाणा के पूर्व गृह राज्यमंत्री गोपाल कांडा के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने रोहिणी अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। दिल्ली पुलिस ने चार्जशीट में सिर्फ कांडा और अरुणा चड्ढा को आरोपी बनाया गया है। अन्य सहयोगी दस्तावेजों के साथ पुलिस ने करीब 400 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। इसमें अन्य किसी को मामले में बतौर आरोपी शामिल नहीं किया गया है। एसीएमएम डी.के जांगला की कोर्ट में यह आरोप पत्र दाखिल किया गया है।
यह चार्जशीट कांडा और अरुणा के लिए मुकद्दमे में मुश्किल खड़ी कर सकती है, क्योंकि दिल्ली पुलिस ने इसमें धोखधड़ी से संबंधित कई और नई धाराएं जोड़ दी है। पुलिस ने कांडा और अरूणा पर आपराधिक साजिश रचने का आरोप भी लगाया है।
पुलिस ने कांडा और अरुणा के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाने), 506 (धमकी देने), 466 (कोर्ट रिकार्ड और लोक रजिस्टर की कूटरचना), 468 (जालसाजी), 469 (प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए जालसाजी), 471 (नकली दस्तावेजों को असली के तौर पर प्रयोग करना), 120 बी (आपराधिक साजिश रचने), 201 (सबूत मिटाने), 34 (एक इरादे से कई लोगों द्वारा किया गया अपराध) और आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत आरोप पत्र दाखिल किया है।
इस तरह दिल्ली पुलिस ने कांडा और अरुणा के खिलाफ इन सभी धाराओं के तहत मुकदमा चलाए जाने का अनुरोध अदालत से किया है। अदालत ने चार्जशीट पर संज्ञान ले लिया है। मामले की अगली सुनवाई 9 अक्टूबर तय की गई है। इस दिन डाक्यमेंट्स की स्क्रूटनी की जाएगी।






