करीब चार बजे कोर्ट में पेश होगा कांडा, रिमांड मांगेगी दिल्ली पुलिस

एयरहोस्टेस गीतिका शर्मा खुदकुशी मामले में मुख्य आरोपी और गृह राज्य मंत्री गोपाल कांडा को रोहिणी अदालत ने गोपाल कांडा को सात दिन की रिमांड में दिल्ली पुलिस को सौंप दिया है। दिल्ली पुलिस ने अदालत से कांडा की १४ दिन की पुलिस रिमांड मांगी थी। दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने कुछ समय के लिए फैसला सुरक्षित रख लिया था। दिल्ली पुलिस ने कांडा को करीब सवा चार बजे अदालत में पेश कर दिया था। कोर्ट लाए जाने से पहले पुलिस ने कांडा का बाबू जगजीवन राम अस्पताल में मेडिकल टेस्ट कराया।
दिल्ली पुलिस की तरफ से पेश सरकारी वकील राजीव मोहन ने अदालत में कहा कि एमडीएलआर गु्रप के कार्यालय से गायब डाक्यूमेंट्स और कुछ हार्ड ड्राईव के बारे में पता लगाए जाने के लिए कांडा को रिमांड में लेकर पूछताछ करना जरूरी है। साथ ही अभी तक बरामद दस्तावेजों से कांडा का आमना-सामना भी कराया जाएगा। कांडा इस मामले में एकमात्र स्त्रोत है, जिसके जरिए इन डाक्यूमेंटस और अहम सबूतों को इकट्ठा किया जा सकता है।
उधर, कांडा की तरफ से पेश वरिष्ठ वकील रमेश गुप्ता ने अदालत में कहा, उनका मुवक्किल कोई भगोड़ा नही, जैसा कि पुलिस कह रही है। वह खुद जांच में सहयोग देने के लिए पुलिस के पास आए। दिल्ली पुलिस की रिमांड की मांग का विरोध करते हुए वकील ने कहा कि गोपाल को पुलिस रिमांड में दिए जाने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि पुलिस पहले ही उनके कार्यालयों और कई ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है और दस्तावेजों को इकट्ठा कर चुकी है।
गोपाल कांडा के समर्थक रोहिणी के एडिशनल चीफ मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट डी.के जांगला की कोर्ट रूम के अंदर और बाहर बड़ी संख्या में जमा हो गए। कांडा को पेश किए जाने से पहले ही कोर्ट रूम लोगों से खचाखच भर गया। इनमें कांडा के समर्थकों की तादात सबसे ज्यादा है। सुरक्षा के मद्देनजर अदालत में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस को डर है कि कहीं शनिवार तडक़े कांडा के डीसीपी ऑफिस में सरेंडर किए जाने के दौरान उसके समर्थकों द्वारा वहां मचाए गए हंगामे जैसा माहौल यहां भी पैदा ना हो जाए। लिहाजा पुलिस कोई कोताही नहीं बरतना चाहती। लिहाजा सुरक्षा चाक चौबंद रखी गई है।
इससे पहले कांडा ने शनिवार तडक़े चार बजे अशोक विहार स्थित डीसीपी ऑफिस में सरेंडर कर दिया था। जहां गिरफ्तार किए जाने के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की। डीसीपी ऑफिस मे बाहर मौजूद कांडा के समर्थकों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
बता दें कि गोपाल का भाई गोविंद कांडा भी रात 12 बजे समर्थकों के साथ वहां पहुंच गया था और उसने ही मीडिया को बताया था कि गोपाल कांडा कुछ देर में ही सरेंडर करने वाला है। इसके तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी को शरण देने के आरोप में गोविंद को भी हिरासत में ले लिया। साथ ही, पुलिस ने इस बात की तैयारी शुरू कर दी कि गोपाल कांडा को सरेंडर करने का मौका नहीं मिले, बल्कि उससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाए। रात ढाई बजे खबर मिली कि गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गुडग़ांव गई है। पुलिस ने दिल्ली की सभी सीमाओं पर चौकसी भी बढ़ा दी थी।






