क्या बच्चे का मन पढाई में नहीं लगता, फिल्म देखिए मिल जाएगा इलाज
Source: dainikbhaskar news | Last Updated 03:03(15/01/12)
नई दिल्ली. घंटों पढ़ाई करने पर भी कुछ याद नहीं होता है और नतीजे में मिलता है जबर्दस्त तनाव, जोकि न सिर्फ पढ़ाई में बाधक है बल्कि लंबे समय तक बच्चे के मन में घर कर जाए तो परिणाम घातक हो सकते हैं। परीक्षाओं के दौरान बच्चों को होने वाली ऐसी ही परेशानियों के निदान के लिए सीबीएसई ने एक कदम आगे बढ़ाते हुए लघु फिल्म का सहारा लिया है।
इसके जरिए छात्रों को न केवल समय प्रबंधन से जुड़े गुर सिखाए जा रहे हैं बल्कि उनके मन में परीक्षा से जुड़े तनाव को खत्म कर अध्ययन से जुड़े टिप्स भी दिए जा रहे हैं। ज्यादा से ज्यादा छात्रों को इसका लाभ पहुंचाने के लिए बोर्ड ने फिल्म अपनी वेबसाइट पर अपलोड की है।
‘स्माइल थ्रो स्ट्रेस’ नाम की इस लघु फिल्म के माध्यम से स्कूली बच्चे न केवल परीक्षा के तनाव को झेलने के लिए तैयार होंगे बल्कि परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने के तरीके भी सीख पाएंगे। फिल्म के जरिए छात्र व्यावहारिक रूप से तनाव को दूर करने की आसान तकनीकों से रू-ब-रू होंगे। इसमें स्ट्रेस को समझने और उससे जूझने की जानकारी को संकलित किया गया है।
फिल्म में एक महीने, एक सप्ताह, एक दिन पहले की तैयारी की जानकारी को बारीकी के साथ पिरोया गया है। साथ ही टाइम मैनेजमेंट के विषयवार लर्निग टिप्स दिए गए हैं। इतना ही नहीं ‘एग्जामिनेशन स्ट्रेस- ए नेचुरल फीलिंग लेट्स लर्न टू डील विद इट’ नाम से बुकलेट को भी छात्रों के लिए वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है।
बुकलेट में स्ट्रेस को समझने, बचाव, स्वास्थ्य, रहन-सहन, स्टडी टिप्स, टाइम मैनेजमेंट, खास विषयों की तैयारी टिप्स, भाषाओं के लिए तैयारी के इत्यादि टिप्स, मन को शांत रखने केमंत्र, क्या करें क्या न करें, अभिभावकों की भूमिका, परीक्षा के दिन क्या करें, प्रश्न पत्र को कैसे हल करें, स्ट्रेस कितने प्रकार का होता है आदि जानकारियों को संकलित किया गया है। खासकर इनमें बच्चों को डर से बचाने के लिए वास्तविक अनुभवों को टिप्स के रूप में शामिल किया गया है।