‘आकाश’ से उच्च शिक्षा की उड़ान भरेंगे डीयू छात्र
Source: DainikBhaskar news | Last Updated 04:32(28/01/12)
नई दिल्ली. कम्प्यूटरीकरण के दौर में उच्च शिक्षा की राह को आसान बनाने के लिए जल्द ही दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों के हाथ में अब तक का सबसे सस्ता टेबलेट ‘आकाश’ आने वाला है। दिल्ली सरकार ने न सिर्फ छात्र बल्कि शिक्षकों को बेहतर सुविधा मुहैया कराने के उद्देश्य से 28 कॉलेजों को पत्र भेजकर उन शिक्षकों व छात्रों का ब्यौरा मांगा है, जो आकाश खरीदना चाहते हैं। सरकार की ओर से भेजे गए पत्र में साफ कर दिया गया है कि तमाम इच्छुकों को आकाश 50 फीसदी की रियायत पर उपलब्ध कराया जाएगा, जिसका नतीजा है कि कॉलेजों में इसे पाने वालों की सूची लंबी होती जा रही है।
महाराजा अग्रसेन कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ.सुनील सोढ़ी ने बताया कि उनके यहां न सिर्फ छात्र बल्कि शिक्षक अपना नाम आकाश खरीदने के लिए प्रशासन को उपलब्ध करा रहे हैं। सरकार की ओर से उठाए गए इस कदम से छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए जरूरी सूचना प्रौद्योगिकी का लाभ मिलेगा।
कॉलेज में पंजीकरण प्रक्रिया जारी है और जैसे ही सूची फाइनल जो जाएगी उसे सरकार को सौंप दिया जाएगा। मैत्रयी कॉलेज प्रिंसिपल डॉ.सविता एम दत्ता ने बताया कि उनके कॉलेज में भी आकाश खरीदने के इच्छुक शिक्षकों व छात्रों का ब्यौरा एकत्र करने से जुड़ा पत्र आया है। उन्होंने बताया कि पंजीकरण प्रक्रिया से पहले इस पत्र को प्रबंध समिति के समक्ष रखा जाएगा और फिर उसकी मंजूरी के साथ ही इच्छुक शिक्षकों व छात्रों का ब्यौरा एकत्र किया जाएगा।
दिल्ली सरकार ने साफ किया है कि इसकी बाजार में कीमत 2276 रुपए निर्धारित है, लेकिन यदि वह सरकार के माध्यम से इसे खरीदते हैं तो यह महज 1138 रुपए में ही उपलब्ध कर दिया जाएगा। उधर, दिल्ली विश्वविद्यालय के उन कॉलेजों में भी इसकी मांग होने लगी है जो दिल्ली सरकार के तहत नहीं आते हैं। यहां बता दें कि मानव संसाधन एवं विकास मंत्रालय के सहयोग से दिल्ली विश्वविद्यालय का स्कूल ऑफ ओपन लर्निग पहले से ही अपने छात्रों को आकाश रियायती दरों पर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।