ईद पर भैंसे के आतंक से सहमा रहा पाक दूतावास

नई दिल्ली. देश भर में ईद का त्योहार शांति के साथ संपन्न हुआ, लेकिन नई दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में स्थित पाकिस्तानी दूतावास ने शनिवार को दिल्ली पुलिस की नींद उड़ाए रखी।
दरअसल, ईद के मौके पर दूतावास में एक भैंसे को कुर्बानी के लिए लाया गया था, लेकिन अचानक भैंसा बेकाबू हो गया। उसने दूतावास के अंदर जमकर तोडफ़ोड़ की और उत्पात मचाया। कई घंटे चले इस ड्रामे के दौरान दो बार पुलिस को मामले की जानकारी दी गई, लेकिन मौके पर पहुंचे एसएचओ व अन्य पुलिसकर्मियों को दूतावास की सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों ने अंदर नहीं घुसने दिया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दूतावास से पहला कॉल करीब सवा चार बजे मिला, जिसमें बताया गया कि कुर्बानी के लिए लाया गया भैंसा दूतावास के अंदर अचानक बेकाबू हो गया है। इससे सभी लोग डरे हुए हैं। सूचना पर एक सब इंस्पेक्टर और एक कांस्टेबल तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन दूतावास के सुरक्षाकर्मियों ने पुलिस के लिए दरवाजा नहीं खोला।
दोनों पुलिसकर्मी मेन गेट पर खड़े होकर पूरे तमाशे के मूकदर्शक बने रहे। पुलिस के मुताबिक करीब दो घंटे बाद एक बार फिर दूतावास से कॉल मिला। इस बार एसएचओ अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन उनके लिए भी गेट नहीं खोला गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद दूतावास के आला अधिकारियों से संपर्क हो सका और फिर एनडीएमसी की मदद से भैंसे पर काबू पाया गया।






