जब देश की राजधानी में हो रहा है विदेशियों का ये हाल तो फिर...
Source: Danikbhaskar news | Last Updated 03:14(07/02/12)
नई दिल्ली. राजधानी में अपराधियों के लिए विदेशी पहली पसंद बनते जा रहे हैं। बीते तीन दिनों में विदेशियों के साथ तीन वारदात हो चुकी हैं। ताजा घटना में रविवार को पुर्तगाल के युवक आदिल मार्टिन का टूरिस्ट बैग स्नैचर उस वक्त ले उड़े, जब वह गोल डाकखाना स्थित चर्च में प्रेयर कर रहे थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक आदिल मार्टिन पुर्तगाल के लिस्बन शहर के रहने वाले हैं। अपनी शिकायत में उन्होंने पुलिस को बताया कि वह गोल डाक खाना स्थित चर्च में प्रेयर के लिए आए थे। उनका टूरिस्ट बैग उनके पास मौजूद था। प्रेयर खत्म करने के बाद उन्होंने पाया कि बैग गायब है। उनके बैग में पासपोर्ट, 10 हजार रुपए भारतीय नकदी, 200 यूरो की कीमत के 10 पेन, 200 यूरो की कीमत के दो मोबाइल फोन और छह क्रेडिट कार्ड थे।
शुक्रवार और शनिवार को भी मोटरसाइकिल सवार स्नैचर्स ने विदेशियों को निशाना बनाया था। शुक्रवार दोपहर को फ्रांस अंबेसी में काम करने वाले मारिया क्रिस्टिना मेहमूद तोजी को निशाना बनाया गया। शनिवार को जापान निवासी फुकी तोशीमोटो से शनिवार दोपहर को औरंगजेब रोड पर झपटमारी की थी।