कोर्ट में बोला कांडा : अलग गाड़ी से तिहाड़ जेल भेजो जज साहब

एयरहोस्टेस गीतिका शर्मा खुदकुशी मामले में मुख्य आरोपी हरियाणा के पूर्व गृह राज्य मंत्री गोपाल कांडा को रोहिणी की मजिस्ट्रेट अदालत ने १४ दिन की न्यायिक हिरासत में रोहिणी जेल भेज दिया है। दिल्ली पुलिस ने अदालत से कांडा की और रिमांड नहीं मांगी। लिहाजा अदालत ने उसे ११ सितंबर तक रोहिणी जेल भेजने के निर्देश दिए।
कांडा की रिमांड खत्म होने पर दिल्ली पुलिस ने उसे रोहिणी के एडिशनल चीफ मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट डी. के जांगला के समक्ष पेश किया। यहां दिल्ली पुलिस ने अदालत से उसे कस्टडी में लेकर और पूछताछ करने के लिए रिमांड नहीं मांगी।
लिहाजा अदालत ने उसे १४ दिन की न्यायिक हिरासत में रोहिणी जेल भेजने का आदेश दिया। इसी बीच कांडा की तरफ से दो आवेदन अदालत में दायर किए गए। पहली एप्लीकेशन में कहा गया कि उसे हाई ब्ल्ड प्रेशर की शिकायत है, लिहाजा जेल में अलग से दवाईयां ले जाने की इजाजत दी जाए। वहीं दूसरी एप्लीकेशन में उसने अलग वाहन में तिहाड़ भेजे जाने का अनुरोध किया।
कांडा ने एसीएमएम से खुद कहा कि यह मामला राजनीतिक रंग ले चुका है। चूंकि वह खुद भी पॉलिटिशयन है, लिहाजा उसे अन्य कैदियों के साथ जेल वैन में न भेजकर अलग वाहन से जेल भेजा जाए। अदालत ने उसके दोनों अनुरोध को स्वीकार कर लिया।






