नई दिल्ली। राजधानी में कृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर मंदिरों को खासतौर पर सजाया गया और विशेष पूजा अर्चना की गई।
बिड़ला मंदिर और ईस्ट ऑफ कैलाश व पंजाबी बाग के इस्कॉन मंदिर सहित राजधानी के हर गली-मोहल्ले के छोटे-बड़े मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतार देखी गई। मंदिरों में कृष्ण लीलाओं की झांकियां सजाई गई थीं।
रात 12 बजे मंदिरों में भगवान कृष्ण की प्रतिमा का अभिषेक किया गया। लाखों लोगों ने जन्माष्टमी के मौके पर व्रत रखा। पूर्वी दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन इलाके में मुंबई की तर्ज पर दही हांडी फोड़ने का आयोजन भी किया गया।