नई दिल्ली। पहाड़गंज इलाके के मेटल कारोबारी रवि गुप्ता उस वक्त सन्न रह गए, जब उनके अकाउंट से 15 लाख रुपये अचानक गायब हो गए।
जब संबंधित बैंक गए तो पता चला कि नेट बैंकिंग का इस्तेमाल कर राशि दूसरे खाते में ट्रांसफर की गई है, जबकि उन्होंने ऐसा कुछ भी नहीं किया था। बदहवास रवि गुप्ता ने पहाड़गंज पुलिस स्टेशन जाकर आपबीती सुनाई, तब जाकर नेट बैंकिंग के चार लखपति ठग गिरफ्त में आए।
नेट बैंकिंग से ठगी करने वाले इस शातिर गिरोह का नेटवर्क अन्य राज्यों में भी फैला हुआ है। गिरफ्तार आरोपी नेट बैंकिंग के खासे जानकार हैं और अकाउंट हैक करके रकम दूसरे अपने खातों में ट्रांसफर कर लेते थे।
फिर चेक या एटीएम के जरिए सारा रुपया निकाल लेते थे। गिरफ्तार आरोपियों में तीन बिहार के दरभंगा और मधुबनी जिले के हैं जबकि एक दिल्ली के खानपुर इलाके का है।