यही है वो रथ जिसपर चढ़ कर मोदी को मिली थी शानदार सफलता
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 02:19(09/02/12)
नई दिल्ली. नगर निगम चुनाव में नैया पार लगाने के लिए भाजपा नरेंद्र मोदी के रथ पर सवार होगी। इसके लिए मोदी का रथ बकाया दिल्ली पहुंच भी चुका है और इसे फिलहाल दिल्ली भाजपा मुख्यालय में रखा गया है। बुधवार को दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने इसका खुलासा किया।
उनका कहना था कि वह रथ पर सवार होकर जनता के सामने शीला सरकार के कारनामों की पोल खोलेंगे। भाजपा की इस यात्रा को जनसंघर्ष यात्रा का नाम दिया गया है। रथयात्रा 11 फरवरी से शुरू होकर 25 फरवरी को समाप्त होगी। भाजपा के मुताबिक यात्रा को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी हरी झंडी दिखाएंगे।
बताते चलें कि यह वही रथ है जिसका इस्तेमाल नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2007 में गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान किया था और तमाम विरोधों के बावजूद शानदार सफलता हासिल की थी। अब भाजपा नेता इस रथ को भाग्यशाली मान रहे हैं। हालांकि, तब से अब तक इस रथ का कई बार इस्तेमाल हो चुका है। इसमें कई खराबियां भी आ गई थीं, जिसके कारण कीर्ति नगर स्थिति एक गैराज में इसको फिर से तैयार किया गया है।
पंद्रह दिनों में हर इलाके से गुजरेगा
यह रथ 15 दिनों दिल्ली के लगभग हर हिस्से से होकर गुजरेगा। विजेंद्र गुप्ता के मुताबिक इस दौरान वह लोगों को बताएंगे कि कैसे काग्रेस के शासन काल में दिल्लीवासी बिजली-पानी जैसी मौलिक सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। इसके अलावा, दिल्ली में बढ़ते अपराध, शिक्षा व स्वास्थ्य की स्थिति भी भाजपा के एजेंडे में शामिल होगी। इसके अलावा, अनधिकृत कालोनियों को नियमित करने के नाम पर हुआ फर्जीवाड़े का मुद्दा भी रथ यात्रा के दौरान उठाया जाएगा।