अब ऑनलाइन मिलेगी हाजिरी की जानकारी
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 01:36(10/02/12)
नई दिल्ली. दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों की हाजिरी को लेकर अक्सर परीक्षाओं के दौरान खड़ी होने वाली समस्या का अंत होने जा रहा है। अब छात्रों को हर महीने इस बात की जानकारी उपलब्ध करा दी जाएगी कि उनकी हाजिरी का स्टेट्स क्या है। इसके लिए उन्हें कोई खास मशक्कत भी नहीं करनी होगी। बस, महज एक क्लिक कर वे कॉलेज वेबसाइट से पूरी जानकारी हासिल कर पाएंगे। साथ ही, इसके जरिये अभिभावक भी अपने बच्चों पर नजर रख सकेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से उठाए गए इस कदम के तहत मासिक हाजिरी ऑनलाइन उपलब्ध कराने के साथ ही इसे कॉलेज नोटिस बोर्ड पर भी चस्पा भी करा दिया जाएगा। इससे छात्र हर महीने अपनी हाजिरी देखकर कोई कमी होने की स्थिति में सम्बंधित शिक्षक व प्राचार्य को सूचित कर सुधार भी करा सकेंगे, लेकिन हाजिरी उपलब्ध होने पर एक सप्ताह के भीतर ही अपनी शिकायत दर्ज करानी होगी।
विश्वविद्यालय ने कॉलेजों से कहा है कि वे इस आदेश को गम्भीरता से लागू करें, ताकि समय रहते छात्र जान जाएं कि परीक्षा में बैठने के लिए उसके पास कितनी हाजिरी है और कितनी की आवश्यकता है। विश्वविद्यालय ने हाजिरी ऑनलाइन व नोटिस बोर्ड पर उपलब्ध कराने के लिए बाकायदा एक प्रारूप तैयार कर कॉलेज प्रिंसिपलों को उपलब्ध कराया है।
इसके मुताबिक ही हाजिरी का ब्यौरा तैयार किया जाएगा। विवि के अनुसार इससे शिक्षकाें काे भी फाइनल हाजिरी तैयार करने में मदद मिलेगी। साथ ही, हाजिरी के रिकार्ड काे सौंपने में हाेने वाली देरी से भी निपटा जा सकेगा और विद्यार्थियाें की शिकायतें भी दूर हाे सकेंगी।
अक्सर कम हाजिरी पाने वाले छात्रों से परीक्षा के समय जूझने वाले दयाल सिंह कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. आईएस बक्शी ने प्रशासन के इस कदम की सराहना की है। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्रार का आदेश उन्हें मिल गया है और शुक्रवार को यह शिक्षकों को सौंप दिया जाएगा। इसके साथ ही, उन्होंने आशा जताई कि नई व्यवस्था से छात्रों की हाजिरी से जुड़ी समस्याओं का समय रहते निदान हो सकेगा।