पैसे खत्म होने पर खुद रिचार्ज होगा स्मार्ट कार्ड
Source: dainikbhaskar news | Last Updated 03:04(16/01/12)
नई दिल्ली. जल्द ही दिल्ली मेट्रो के स्मार्ट कार्डधारकों को रिचार्ज कराने के लिए लंबी कतारों से निजात मिलने की उम्मीद है। इसके लिए मेट्रो प्रबंधन अपने ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन (एएफसी) को और डेवलप करने में जुटा हुआ है। इस तकनीक के तहत कार्ड में जैसे ही राशि खत्म होने लगेगी, रिचार्ज की धनराशि कार्डधारक के बैंक खाते से कट जाएगी।
जानकारी के अनुसार मेट्रो प्रबंधन स्मार्ट कार्डधारकों की सहूलियत के लिए अपने तकनीक को और डेवलप करने में लगा हुआ है, जिससे नेट बैंकिंग और डेबिट कार्ड से यात्री अपने स्मार्ट कार्ड को रिचार्ज करा सकें। इससे स्टेशनों पर भीड़ का दबाव कम होगा। साथ ही कार्डधारकों को समय की भी बचत होगी।
नई तकनीक के तहत स्मार्ट कार्ड में एक निश्चित बैलेंस के बाद यात्री के बैंक खाते से खुद ब खुद कार्ड रिचार्ज की धनराशि प्रबंधन के खाते में भुगतान हो जाएगी। इस तकनीक के लागू होने पर कार्डधारक को पहले से ही सुनिश्चित करना पड़ेगा कि कितनी धनराशि रहने पर उसके खाते से कार्ड रिचार्ज किया जाएगा। बैंक खाते से कटी धनराशि मेट्रो फेयर कलेक्शन सिस्टम में आ जाएगी।
इस तकनीक से मेट्रो के स्टेशन काउंटरों पर रुपयों का लेन-देन कम होगा। इसके अलावा यात्रियों को भी रिचार्ज के लिए लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा। दिल्ली मेट्रो प्रबंधन स्मार्ट कार्ड को खुद ब खुद रिचार्ज कराने वाली तकनीक को अभी अंतिम रूप देने में लगा हुआ है।
तकनीक के लागू होने में करीब सात से आठ महीने लगने की उम्मीद है। वर्तमान में टोकन और स्मार्ट कार्ड रिचार्ज कराने के लिए या खरीदने की सुविधा सिर्फ मेट्रो स्टेशन के काउंटरों और कस्टमर केयर सेंटर में ही है, जहां यात्रियों को नकदी देनी पड़ती हैं।