गंगा की सफाई के लिए उठाई आवाज
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 02:21(09/02/12)
नई दिल्ली. स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गंगा को तिरंगे और राष्ट्रगान के बराबर सम्मान देने की आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि तिरंगे और राष्ट्रगान का सम्मान नहीं करना अपराध है, तो राष्ट्र नदी गंगा को गंदा करने पर सजा क्यों नहीं मिलती है। उन्होंने गंगा की सफाई के लिए गंगा सेवा अभियान के लिए आंदोलन शुरू किया है।
संसद के दरवाजे पर अपनी मांग के समर्थन में प्रदर्शन करते हुए स्वामी ने कहा कि सरकार गंगा को पवित्र बनाने के लिए रणनीति बनाए और जल स्रोतों को संरक्षित करने की दिशा में तेजी से काम कराए। स्वामी के साथ प्रदर्शन में शामिल सीएल राजम ने कहा कि गंगा को साफ रखने की समस्या कई स्तरीय है।
उत्तराखंड सरकार ने हर सात किलोमीटर पर डैम बनाने का प्रस्ताव दिया है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा हुआ तो यूपी में आते-आते नदी किसी नाले या बरसाती नदी का रूप ले लेगी। गंगा किसी के साथ कोई भेद नहीं करती है, इसलिए सब को उसकी धारा निर्मल करने के लिए प्रयास करने होंगे।
उन्होंने अपनी मांग के समर्थन में राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील और लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार को ज्ञापन भेजा है। यहां बता दें कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने मंगलवार को गंगा को साफ करने के लिए अपने अभियान की शुरुआत राजघाट पर धरने से की थी। गुरुवार से स्वामी गंगा को साफ करने के लिए हरिद्वार में तपस्या शुरू करेंगे।