दिल्ली एयरपोर्ट पर शिवपाल सिंह यादव का विमान लैंडिंग के वक्त फिसला, अस्पताल में भर्ती

उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मिनिस्टर और सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव का विमान लैंडिंग के दौरान दिल्ली एयरपोर्ट के रन-वे पर फिसल गया। विमान में उनके अलावा दो अन्य लोग भी सवार थे। घटना के बाद तीनों को गुडग़ांव के मेदांता अस्तपाल में ले जाया गया है। यहां उनकी चिकित्सीय जांच चल रही है।
सूत्रों के अनुसार, यह घटना विमान के लैंडिंग गियर टूटने की वजह से हुई। यादव चाटर्ड प्लेन से लखनऊ से दिल्ली आए थे। दिल्ली पहुंचने के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने विमान को रनवे संख्या 27/9 पर लैंडिंग की इजाजत दी। यह विमान जैसे ही रन-वे पर टच डाऊन हुआ और कुछ आगे बढ़ा ही था कि तेजी से फिसल गया और फिसलते हुए रन-वे से काफी दूर तक मिट्टी गांउड पर चला गया।
घटना की भनक लगते ही क्यूक रिएक्शन टीम, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं, जिसके बाद विमान में सवार सभी लोगों को विमान से तुरंत बाहर निकालकर अस्पताल के लिए रवाना कर दिया गया।
जैसे ही एयरपोर्ट अधिकारियों को पता चला कि यह मामला उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मिनिस्टर और सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई से जुड़ा हआ है, तो आनन-फानन एयरपोर्ट से जुड़े तमाम अधिकारी मौके का निरीक्षण करते हुए उनका हालचाल लेने मेदांता हास्पीटल पहुंच गए। फिलहाल यादव समेत सभी लोगों की अस्पताल की एक मेडिकल टीम जांच कर रही हैं।








