12वीं पास करो और पाओ एकमुश्त पांच हजार रुपए
Source: dainikbhaskar news | Last Updated 03:32(18/01/12)
नई दिल्ली. लाड़ली की तर्ज पर अब दिल्ली नगर निगम भी बालिकाओं को 12वीं पास करने पर एकमुश्त पांच हजार रुपए छात्रवृत्ति देगा। एमसीडी के इस फैसले से सलाना लगभग एक लाख बालिकाएं लाभान्वित होंगी। इसके साथ ही, अब कर्मचारियों को अपने बच्चों को तकनीकी शिक्षा देने के लिए भी एमसीडी लोन देगी, ताकि कर्मचारियों को दर-दर न भटकना पड़े।
चुनावी वर्ष में दिल्ली नगर निगम दिल्ली के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए अनेक लुभावनी योजनाओं का तोहफा लाया है। मंगलवार को स्थायी समिति के अध्यक्ष योगेन्द्र चांदोलिया द्वारा प्रस्तुत किए गए फाइनल बजट में बालिकाओं को छात्रवृत्ति दिए जाने की घोषणा की गई।
इस बाबत एमसीडी द्वारा अलग से एस्क्रो एकाउंट खोलकर उसमें 10 करोड़ रुपए जमा किए जाएंगे। हालांकि, इस योजना का लाभ लेने के लिए बालिका को एमसीडी विद्यालय से पांचवीं पास करना अनिवार्य होगा। पांचवीं पास करते ही बालिका का नाम संबंधित एकाउंट में पंजीकृत करा दिया जाएगा। फिलहाल, एमसीडी विद्यालय में लगभग साढ़े नौ लाख बच्चे अध्ययनरत हैं। इसके अलावा, छात्राओं की छात्रवृत्ति को अब 200 रुपए से बढ़ाकर 500 रुपए सलाना कर दिया जाएगा।
उधर, निगम में कार्यरत ग्रुप सी और डी के कर्मचारियों को अपने बच्चों की ऊंची (तकनीकी शिक्षा) पढ़ाई के लिए अन्य संस्थानों से लोन लेने की जरूरत नहीं होगी। अब खुद निगम अपने कर्मचारियों को लोन की सुविधा देगी। इस बाबत निगम द्वारा अलग से एस्क्रो एकाउंट खोला जाएगा और उसमें 10 करोड़ रुपए की व्यवस्था की जाएगी।
इसके अलावा, गरीबों, बुजुर्गों, विकलांगों, मानसिक रूप से बीमार लोगों और विधवाओं को प्रतिमाह 1200 रुपए पेंशन दिए जाएंगे। अब तक उन्हें एक हजार रुपए प्रतिमाह पेंशन दिए जाते थे। गांवों की सड़कों के विकास के लिए आगामी वित्तीय वर्ष में 10 करोड़ रुपए की व्यवस्था की गई है।