नई दिल्ली. एयरपोर्ट मेट्रो के मुसाफिरों को अब हाईस्पीड ट्रेन में पहले से ज्यादा किराया चुकाना पड़ेगा। दरअसल, रिलायंस एयरपोर्ट मेट्रो ने 60 ट्रिप के पास पर दी जाने वाली छूट को वापस ले लिया है।
प्रबंधन ने यात्रियों को 45 ट्रिप का नया पास भी जारी करने का फैसला किया। नया पास और बढ़ा हुआ किराया रविवार से लागू हो जाएगा। अलबत्ता, छोटा कार्ड (दस जरनी पास), स्टूडेंट पास और स्मार्ट कार्ड पर छूट जारी रहेगी।
रिलायंस एयरपोर्ट मेट्रो ने वायस ऑफ कंज्यूमर सर्वे के तहत यात्रियों को 45 ट्रिप वाला नया पास जारी करने का फैसला किया है। नया पास रविवार से यात्रियों को मिलने लगेगा। इसके साथ ही 60 ट्रिप के पास पर यात्रियों को दी जाने वाली छूट को प्रबंधन ने वापस ले लिया है।
बताया जाता है कि 60 ट्रिप वाले पास को यात्री पूरा इस्तेमाल नहीं कर पा रहे थे। इसमें कम से कम 15 ट्रिप महीने में बेकार चले जाते थे। इस वजह से 45 ट्रिप वाले पास को देने का निर्णय लिया है। 45 ट्रिप और 60 ट्रिप के पास एक महीने के लिए वैध होंगे।
45 ट्रिप वाला पास 400 से लेकर 2000 रुपए तक का होगा और 60 ट्रिप वाला पास 500 से लेकर 2400 रुपए तक का होगा। प्रबंधन के मुताबिक 60 ट्रिप वाले पास पर शुरुआत के तीन महीनों के लिए ही छूट देने की योजना थी, लेकिन इस स्कीम को पूरे सालभर तक लागू रखा गया।
प्रबंधन के मुताबिक पास की नई दरें लागू होने के बाद कम से कम तीन सौ रुपए वाले पास के लिए पांच सौ रुपए देने होंगे, जबकि ज्यादा से ज्यादा 1500 रुपए किराए के स्थान पर 2400 रुपए खर्च करने होंगे।
रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के अध्यक्ष अनिल पी. गुप्ता ने बताया कि प्रबंधन यात्रियों की सुविधाओं में लगातार इजाफा करने के साथ ही यात्रा खर्च को भी कम कर रहा है।
एयरपोर्ट मेट्रो का संचालन शुरू होने के बाद से नई दिल्ली, शिवाजी स्टेडियम और धौला कुआं स्टेशन में चेकइन सुविधा मुहैया कराई है। साथ ही फीडर बस सर्विस, कुली, शेयर्ड टैक्सी, डेबिट/क्रेडिट कार्ड से भुगतान, ट्रेन की फ्रीक्वेंसी बढ़ाना, ब्रांडडेड कंपनी के रेस्त्रां और वाईफाई की सर्विस भी यात्रियों को स्टेशन पर दी गई है।
एयरपोर्ट मेट्रो के नई दिल्ली स्टेशन पर पार्किग शुरू हो गई है और शिवाजी स्टेडियम पर भी जल्द पार्किग सुविधा यात्रियों को मिलेगी। यहां बता दें कि हाईस्पीड ट्रेन में करीब 20 हजार यात्री प्र्रतिदिन यात्रा करते हैं।