विपदा की घड़ी में नहीं छोड़ूंगा पद

दिल्ली. पुलिस कमिश्नर नीरज कुमार को चलती बस में गैंगरेप की वारदात के बाद बिलकुल भी यह नहीं लगा कि नैतिकता के आधार पर उनको अपना पद छोड़ देना चाहिए।
उनका कहना है कि मेरा काम अपनी फोर्स को लीड करना है, विपदा की घड़ी में दुम दबा कर भागना नहीं। मेरा काम फोर्स का मनोबल ऊंचा रखना है, मैं भागने वाला नहीं हूं। जब तक सरकार को मुझ पर भरोसा है मैं फोर्स का नेतृत्व करता रहूंगा।
सालाना प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस कमिश्नर ने दावा किया कि महिलाओं की मदद के लिए अनेक कदम उठाए गए हैं। थानों में महिला हेल्प डेस्क, महिला की शिकायत को बिना कोई देरी के शब्दश: दर्ज करने और वारदात का इलाका दूसरे थाने का होने पर भी जीरो एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं। एफआईआर के लिए थाना इलाके की सीमा की समस्या को पूरी तरह खत्म किया जाएगा। शिकायती महिला की पहचान गुप्त रखने को कहा गया है। थाने या महिला हेल्पलाइन की कार्रवाई से संतुष्ट न होने वाली महिला पुलिस के विशेष आयुक्त के मोबाइल पर भी संपर्क कर सकती है।








