सोशल मीडिया पर आमिर खान और 'सत्यमेव जयते' की मची धूम

रविवार से दूरदर्शन और स्टार प्लस पर शुरू हुए शो 'सत्यमेव जयते' और इसके होस्ट आमिर खान की सोशल मीडिया में बहुत सराहना हो रही है और सर्वाधिक लोग ट्वीट करके अपनी राय जाहिर कर रहे हैं। रविवार को 11 बजे से 12 बजे तक इस शो पहला एपिसोड दिखाया गया।
प्रोग्राम शुरू होने से पहले आमिर ख़ान ने इसका काफ़ी प्रचार-प्रसार किया था। ट्विटर पर इस कार्यक्रम की ख़ूब चर्चा रही है। भारत में लोग सत्यमेव जयते, आमिर ख़ान, स्टार प्लस, कन्या भ्रूणहत्या और दूरदर्शन ट्रेंडिंग कर रहे हैं। ये शायद किसी भारतीय टीवी कार्यक्रम के बारे में ट्विटर पर ट्रैंडिंग का रिकॉर्ड जैसा है।
टॉप दस ट्रैंडिंग विषयों में से सात इसी कार्यक्रम या आमिर खान के बारे में हैं। अधिकतर प्रतिक्रियाएं सकारात्मक हैं लेकिन इस कार्यक्रम की व्यावसायिक प्रकृति पर कुछ तल्ख़ टिप्पणियां भी की जा रही हैं। हिंदी फ़िल्म जगत के आमिर ख़ान के साथी जैसे बोमन ईरानी, फ़रहान अख़्तर, कबीर बेदी और प्रीती ज़िंटा ने ट्वीट कर सत्यमेव जायते को सराहा है।
किसने क्या लिखा
शबाना आज़मी ने ट्विटर पर लिखा है,"आमिर ख़ान का कार्यक्रम क्रांति ला सकता है. बढ़िया शोध जिसमें हर पहलू को टटोला गया है. ये कार्यक्रम हमारी भावुकता को छूता है और हमें पुनर्विचार करने पर मजबूर करता है।"
प्रीति ज़िंटा ने ट्वीट किया, "आमिर ख़ान का कार्यक्रम सत्यमेव जयते देख रही हूं जिसमें कन्या भ्रूणहत्या पर चर्चा हो रही है. मैं उनकी सराहना करना चाहूंगी और उन्हें एक महिला होने के नाते धन्यवाद देना चाहूंगी।"
पूर्व पुलिस अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता किरण बेदी ने भी कार्यक्रम की तारीफ़ करते हुए ट्वीट किया है, "आमिर ख़ान का टीवी धारावाहिक सत्यमेव जयते अच्छा चल रहा है..अब तक. ज़रूर देखें। "
क्रिकेट कमेंटेटर हर्षा भोगले ने कार्यक्रम की तारीफ़ करते हुए लिखा, "कम से कम आमिर ख़ान वो काम कर रहे हैं जिसके बारे में हम सब सिर्फ़ बात ही कर पाते हैं।"
मशहूर लोग तो सधी ही प्रतिक्रिया दे रहे हैं लेकिन आमलोग खुलकर समर्थन या आलोचना कर रहे हैं।
'सत्यमेव जयते' की वेबसाइट क्रैश
फिल्म अभिनेता आमिर खान के टेलीविजन कार्यक्रम 'सत्यमेव जयते' को लोगों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। इसकी आधिकारिक वेबसाइट पर इतने लोगों ने क्लिक किया कि यह क्रैश हो गई। लोगों की शानदार प्रतिक्रिया को देखते हुए इसकी आधिकारिक साइट सत्यमेवजयते डॉट इन पर लिखा गया, "सत्यमेव जयते के प्रति आपकी शानदार प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद। दुर्भाग्यवश अधिक ट्रैफिक के कारण हमारी साइट क्रैश हो गई है। हम जल्द ही वापसी करेंगे।"
शो के पहले एपीसोड में कन्या भ्रूण हत्या जैसे संवेदनशील मुद्दे को उठाया गया, जिसका प्रसारण टेलीविजन चैनल 'स्टार प्लस' और 'दूरदर्शन' पर किया गया। शो के प्रसारण के ठीक एक घंटे बाद विषय की प्रशंसा करते हुए 2254 ट्विट किए गए।






