'युवराज हैं फाइटर, जल्द लौटेंगे क्रिकेट के मैदान पर'
Source: Agency | Last Updated 17:18(09/02/12)
बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने कहा कि वह फेफड़ों के कैंसर से पीड़ित हरफनमौला क्रिकेट खिलाड़ी युवराज सिंह के तेजी से स्वास्थ्य लाभ और क्रिकेट के मैदान पर जल्द वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं।
सैर-सपाटे के लिए बुधवार को श्रीनगर पहुंचे आमिर ने बताया, "युवराज एक फाइटर हैं। मैं उनके तेजी से स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना कर रहा हूं, ताकि वह फिर से क्रिकेट के मैदान पर लौट जाएं।"
उल्लेखनीय है कि युवराज के फेफड़े में घातक ट्यूमर का इलाज चल रहा है और इस समय वह बोस्टन स्थित कैंसर अनुसंधान संस्थान में कीमोथेरेपी की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। कैंसर से जूझ रहे टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर युवराज सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना करने वालों में बॉलीवुड के कई सुपरस्टार शामिल हैं।
बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन ने ट्वीट किया था, ‘युवराज को कैंसर होने की खबर सुनकर आश्चर्यचकित रह गया। युवी यदि तुम इसे पढ़ोगे तो पता चलेगा कि हम सब तुम्हारे के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। सब कुछ ठीक हो जाएगा।’
अभिताभ ने कहा, ‘युवराज, सुबह जगने के बाद जोर से कहो- हर दिन हर तरह से मैं बेहतर होता जा रहा हूं।’
बिग बी के अलावा अन्य कई बॉलीवुड हस्तियों ने ट्विटर के माध्यम से युवी के लिए ट्वीट किया।
शान: युवराज धमाकेदार वापसी करेंगे और नयी ऊँचाईयाँ छुएंगे| मैं उनके लिए विशेष प्रार्थना करता हूं कि वह जल्द ठीक हो जाएं|
अभिषेक बच्चन: मुझे जन्मदिन की बधाई देने के लिए धन्यवाद युवी..गेट वेल सून...बिग हग।
दीया मिर्ज़ा:युवराज के बारे में सुनकर दुःख हो रहा है...यही दुआ है कि वह जल्द ठीक हो जाएं..मैं जानती हूं जल्द हार मानने वालों में से नहीं हैं...वह यह मैच भी जीत जाएंगे।
Related Articles: