‘कोलावेरी डी’ गाने के जरिए देश और दुनिया में लोकप्रिय हो चुके दक्षिण भारतीय फिल्म सितारे धनुष मंगलवार को आईआईएम-अहमदाबाद के छात्रों से रुबरू हुए। यहां उन्होंने कोलावेरी-डी की सफलता का राज छात्रों से साझा किया। गाने के 21 वर्षीय संगीतकार अनिरुद्ध ने भी छात्रों को लेक्चर दिया।
कंटेंपररी फिल्म इंडस्ट्री कोर्स के करीब 150 छात्रों को लेक्चर देने के बाद धनुष ने ट्विटर पर लिखा, ‘आईआईएम-ए सुंदर है। लोग और जगह भी। यह एक बहुत बढ़िया सेशन था। छात्रों के सवाल बहुत अच्छे थे। बड़ा मजा आया।’
लेक्चर देने से पहले भी धनुष ने एक मजेदार ट्वीट की। उन्होंने लिखा, ‘आईआईएम-ए में लेक्चर देने जा रहा हूं। मैं अच्छी अंग्रेजी नहीं जानता। लेकिन परवाह नहीं। मैं भारतीय हूं, अंग्रेज नहीं। हा..हा..। भगवान भला करे।’
धनुष ने अपने लेक्चर के दौरान बताया कि कोलावेरी डी की सफलता के बाद फिल्म ‘3’ को तमिल के अलावा तेलुगु और हिंदी में भी प्रदर्शित किया जाएगा। पहले इसके केवल 400 प्रिंट प्रदर्शित किए जाने थे लेकिन अब 1000 किए जाएंगे।