'टाइगर' की इस नई 'दहाड़' से हिल गया बॉलीवुड, पढ़िए क्यों

एक के बाद एक लगातार कामयाब फिल्में दे रहे बॉलीवुड सुपर स्टार सलमान खान की नई फीस पर यकीन करना मुश्किल है। 'एक था टाइगर' की जबरदस्त सफलता के बाद अपनी फीस में कई गुना वृद्धि करने का सलमान का फैसला इन दिनों फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा का विषय है। इन चर्चाओं को मानें तो साजिद नाडियाडवाला की फिल्म 'किक' में काम करने की सलमान की फीस पूरे 60 करोड़ होगी। आम तौर पर स्टार्स पिछली फिल्म के हिट होने के बाद अपनी फीस में बढ़ोत्तरी करते हैं। लेकिन यह बढ़ोतरी कई लोगों के गले नहीं उतर रही है।
इंडस्ट्री के एक प्रमुख फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि अगर 'किक' में सलमान की फीस 60 करोड़ रुपए होगी तो फिल्म का प्रोडक्शन बजट 90 करोड़ पहुंचेगा। लेकिन अगर सल्लू की सफलता का रिकॉर्ड कायम रहा तो इस फीस में भी प्रोड्यूसर्स फायदे में ही रहेंगे। 'किक' के डायरेक्टर साजिद नाडियाडवाला ही होंगे। ऐसे में अगर हीरोइन नई हो, विलेन भी कोई बड़ा नाम न हो तो फिल्म के प्रोडक्शन बजट का बड़ा खर्च सिर्फ सलमान पर ही आएगा। गौरतलब है कि 'एक था टाइगर' का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 190 करोड़ पार कर चुका है और सलमान बॉलीवुड के सबसे ज्यादा बिकने वाले स्टार का रुतबा हासिल कर चुके हैं।
अक्की, अजय देवगन और रणबीर ने भी फीस बढ़ाई
सलमान के 60 करोड़ की फीस के बाद अक्षय कुमार ने भी अपनी कीमत बढ़ा दी है। उनकी नई शर्त यह है कि एक फिल्म में काम करने की उनकी फीस (करीब 20 करोड़ रुपये) के अलावा प्रोड्यूसर को उन्हें एक साल बाद फिल्म के सभी राइट्स (सैटेलाइट, म्यूजिक, फिल्म के निगेटिव राइट्स समेत बाकी सभी राइट्स) भी सौंपने होंगे।
हाल ही में अजय देवगन, रणबीर कपूर जैसे लोगों ने भी अपनी फीस बढ़ा दी है। रणबीर की नई फीस 15 करोड़ रुपए है। हाल में अभिनव कश्यप (दबंग के डायरेक्टर) की नई फिल्म 'बेशरम' से रणबीर के बाहर होने की वजह भी उन्हें 'मार्केट प्राइस' नहीं मिलना ही बताया जा रहा है। कुछ समय पहले तक रणबीर की फीस 7-8 करोड़ रुपये थी।
पिछली दो-तीन फिल्मों के पिटने से शाहरुख खान इस स्थिति में नहीं हैं कि अपनी फीस अपने हिसाब से तय करें। खबर है कि यशराज फिल्म्स की नई रोमांटिक फिल्म में उन्हें उनकी फीस से कम पर काम करने के लिए तैयार होना पड़ा है। हालांकि, वे फिल्मों से अधिक विज्ञापनों से कमाई करते हैं।






