बीयर पीने के मामले में एशिया के लोग दुनिया में सबसे आगे हैं। एशिया में समृद्धि बढ़ रही है और युवा लोगों के जीने का अंदाज बदल रहा है। इसीलिए वो बीयर के लिए सबसे तेज़ी से बढ़ता हुआ बाज़ार है।
बीयर पीने के मामले में एशिया पिछले कुछ वर्षों में ही यूरोप और अमरीका से आगे निकल गया है। एशिया में बीयर सात हजार साल से बनाई जा रही है। वैसे बीयर की प्रति व्यक्ति खपत के हिसाब से देखा जाए तो एशिया अब भी यूरोप से बहुत पीछे है।
'यूरोमॉनिटर' नाम की संस्था के मुताबिक बीयर पीने वाले देशों में चेक रिपब्लिक सबसे आगे है। वर्ष 2011 के आंकड़े बताते हैं कि वहां प्रति व्यक्ति प्रति वर्ष 174 लीटर बीयर की खपत हुई। इसके बाद आयरलैंड और सात अन्य यूरोपीय देशों का नंबर आता है।
इस सूची में जापान इकलौता एशियाई देश है जिसे 41वें स्थान पर रखा गया है। वहां प्रति व्यक्ति प्रति वर्ष 64 लीटर बीयर की खपत थी। लेकिन अगर कुल खपत की बात करें, तो एशिया ने यूरोप और अमरीका महाद्वीप को वर्ष 2007 में ही पीछे छोड़ दिया।