PHOTOS : 3.74 लाख डॉलर में नीलाम हुआ एप्पल-1

न्यूयॉर्क. एप्पल के संस्थापक स्टीव जॉब्स और स्टीव वोज्नियाक के हाथों 1976 में तैयार हुआ एप्पल-1 कंप्यूटर मूल कीमत से 500 गुना ज्यादा कीमत में बिका। सॉथबी ऑक्शन हाउस में शुक्रवार को यह 3.74 लाख डॉलर में नीलाम हुआ। नीलामीघर को इससे 1.50 लाख डॉलर मिलने की उम्मीद थी। दो लोगों ने इसके लिए बोली लगाई थी। लेकिन एक अन्य व्यक्ति ने फोन पर बोली लगाकर इसे हासिल किया।
एपल के संस्थापकों स्टीव जॉब्स और स्टीव वोज्नियाक ने 1976 में पर्सनल कंप्यूटर तैयार किया था। पालो अल्टो कंप्यूटर क्लब में इसे पेश किया गया था। सबसे पहले रिटेल चेन के मालिक पॉल टेरेल ने 50 मशीनों का ऑर्डर दिया था। उसने इसे रिटेल में 666.66 डॉलर में बेचा। उन्होंने इसके साथ किट तैयार नहीं की थी। सिर्फ सर्किट बोर्ड तैयार किए थे। इसके बाद दोनों ने 150 और कंप्यूटर तैयार किए। जिन्हें दोस्तों और अन्य विक्रेताओं को बेचा।
सॉबी का कहना है कि इस समय 50 से भी कम ओरिजिनल एप्पल -1 मौजूद है। इसमें से सिर्फ 6 ही काम करने की स्थिति में हैं। ओरिजिनल कैसेट इंटरफेस वाला यह कंप्यूटर चालू हालत में है। इसका ऑपरेटिंग इंस्ट्रक्शंस और बेसिक कंप्यूटर लेंग्वेज यूजर्स मैनुअल भी मौजूद था। सभी एपल-1 की तरह इसमें मॉनीटर या पावर सप्लाई नहीं थी।






