नोकिया के मोबाइल फोन न केवल उपयोगिता के ख्याल से बल्कि यूजर कंफर्ट की दृष्टि से भी बेहतर होते हैं। भारत में इस कंपनी की सफलता का राज यही है। नोकिया के एन8 ने भारत में जितनी हलचल मचाई, उतनी एन9 ने तो नहीं। लेकिन यह फोन भी कुछ कम नहीं है।
नोकिया एन9 की सबसे बड़ी खासियत है कि यह पोलीकार्बन के एक पीस से बना है। इसलिए इसमें कहीं भी जोड़-तोड़ नहीं दिखता है। इसके अंदर ओएमएपी 3630 प्रोसेसर है और ताकतवर जीपीयू भी। इन सबका फायदा यह है कि इसमें एक साथ कई सारे काम हो सकते हैं। इसमें भी आईफोन की तरह 16 और 32 जीबी की स्टोरेज क्षमता है।
इसका स्क्रीन 3.9 इंच का है जो थोड़ा वक्राकार है जिससे तस्वीर देखने में आसानी होती है। नोकिया ने स्क्रीन पर काफी मेहनत की है और इसे लेमिनेटेड टेक्नोलॉजी का सहारा दिया जो इसे आईफोन 4 के स्क्रीन की तरह बनाता है।
नोकिया ने इसमें एन8 की तरह 12 मेगापिक्सल का कैमरा तो नहीं दिया है लेकिन उसे 8 मेगापिक्सल का दमदार कैमरा दिया है जिसका लेंस 28 एमएम का है और इसमें डुएल एलईडी फ्लैश भी है। इसमें कार्ल जाइस टेसर ऑप्टिक्स है जिनके सहारे यह शानदार वीडियो रिकॉर्डिंग करता है। लेकिन उससे भी खास बात यह है कि इसमें स्टीरियो साउंड भी है।
जहां तक बैटरी की बात है यह कैमरा अद्भुत है और इसकी बैटरी 24 घंटे चल सकती है, चाहे आप दर्जनों ईमेल भेजें या फिर आधे घंटे नेट सर्फिंग करें। इसका वज़न 135 ग्राम है जो ज्यादा नहीं है।
कुल मिलाकर यह एक खरीदने लायक फोन है और इसका लुक या परफॉरमेंस सभी कुछ बेहतरीन है। इसमें म्यूजिक की भी क्वालिटी शानदार है।
इसकी कीमत 32,000 रुपए है और इतने में यह एक बढ़िया डील है।
Related Articles: