तस्वीरें: फेसबुक के चलते इंस्टाग्राम ने न्यूयॉर्क टाइम्स को भी पीछे छोड़ा

मशहूर सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट फेसबुक ने इंस्टाग्राम को 50 अरब रुपये में खरीद लिया है। फेसबुक के संस्थापक और सीईओ मार्क जकरबर्ग ने भरोसा दिलाया है कि इस डील से इंस्टाग्राम कंपनी के बिजनेस पर कोई असर नहीं पड़ेगा। पिछले हफ्ते से ही इंस्टाग्राम ने अपनी सेवाएं उन मोबाइल फोन पर भी उपलब्ध कराना शुरू कर दिया था जिनपर एंड्रॉयड एप्लीकेशन भी हैं।
क्या है इंस्टाग्राम ?
इंस्टाग्राम फोटो शेयर करने में मदद करने वाला एक एप्लीकेशन है। इसके जरिये यूजर फोटो खींचने के साथ साथ डिजीटल फिल्टर का भी इस्तेमाल कर सकता है और इन फोटो का कई तरह की सोशल नेटवर्किंग साईटों में प्रयोग किया जा सकता है। शुरुआत में इंस्टाग्राम आईफोन, आईपैड और आईपैड टच को सपोर्ट करता था लेकिन आगे चल कर कंपनी ने एंड्रॉयड फोन के लिए भी अपनी सुविधाएं देनी शुरू कर दी।
महज 13 कर्मचारियों वाली इस कंपनी ने छह अक्टूबर 2010 से कामकाज शुरू किया और महज 90 दिनों के भीतर इसने 10 लाख लोगों को अपने साथ जोड़ लिया और अगले साल जुलाई तक इंस्टाग्राम के यूजर्स ने 10 करोड़ फोटो शेयर कर लिया। अप्रैल 2012 तक 3 करोड़ लोग इसके रजिस्टर्ड यूजर बन गये थे।
कंपनी की शोहरत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसके एप्लीकेशंस का एंड्रायड वर्जन बाजार में आने में पहले ही करीब साढ़े चार लाख लोग प्री रजिस्ट्रेशन करा चुके थे और जब इस साल तीन अप्रैल को यह जैसे ही बाजार में आया तो महज 12 घंटे के दौरान 10 लाख बार इसे डाउनलोड किया जा चुका था।
स्टीव जॉब्स की कंपनी एप्पल ने इसे 2011 का ‘एप्प आफ द ईयर’ घोषित कर दिया। फेसबुक से इंस्टाग्राम की डील इतनी बड़ी है कि इंस्टाग्राम की कीमत करीब 161 साल पुरानी और दिग्गज मीडिया कंपनी द न्यूयार्क टाइम्स की वैल्यू से ज्यादा आंकी गयी।
फेसबुक का सबसे बड़ा सौदा: डेढ़ साल की कंपनी, कमाई 50 अरब रुपये






