साल 2012 में कामयाब प्रॉडक्ट्स की कोई कमी नहीं रही लेकिन कुछ प्रॉडक्ट ऐसे भी लांच हुए जो बुरी तरह फ्लॉप हुए। बाजार में प्रॉडक्ट लांच करने से पहले कंपनियां उनकी कामयाबी सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कोशिश करती हैं। मार्केटिंग पर भी खूब पैसा खर्च किया जाता है लेकिन फिर भी कुछ प्रॉडक्ट ग्राहकों को लुभा नहीं पाते। बल्कि कुछ तो कंपनी की फजीहत का कारण भी बन जाते हैं।
कंपनी प्रॉडक्ट के डेवलपमेंट और मार्केटिंग पर खूब समय और पैसा खर्चा करती है। किसी भी प्रॉडक्ट के विकास में लंबा वक्त और मेहनत लगती है लेकिन नाकामयाबी बहुत जल्दी आती है। खासकर इलेक्ट्रॉनिक बाजार में यदि किसी गैजेट को शुरुआती रिव्यू अच्छे नहीं मिलते तो उसके कामयाब होने की संभावना कम हो जाती है।
आगे नजर डालते हैं ऐसे ही कुछ प्रॉडक्ट्स पर जो बाजार में अपना असर छोड़ने में नाकामयाब रहे।
एप्पल मैप
साल के सबसे नाकाम प्रॉडक्ट्स की सूची में सबसे ऊपर यदि एप्पल की मैप सेवा को रखा जाए तो गलत नहीं होगा। एप्पल ने अपने स्मार्टफोन आईफोन का ऑपरेटिंग सिस्टम जब अपग्रेड करके आईओस6 लांच किया तो उसने अपनी प्रतिद्वंदी कंपनी गूगल की मैप सेवा से छुटकारा पाने के लिए एप्पल मैप सेवा लांच की। हालांकि लांचिंग के घंटों बाद ही यह सेवा एप्पल की जगहंसाई का कारण बन गई। एप्पल के सीनियर वाइस प्रेजीडेंट स्कॉट फोर्सटॉल को इस सेवा की नाकामयाबी के कारण कंपनी से भी निकाल दिया गया। यही नहीं कंपनी के सीईओ टिम कुक ने इसके लिए सार्वजनिक माफी भी मांगी। दिसंबर में गूगल मैप सेवा को आईस्टोर पर फिर से लांच किया गया और चंद दिनों में ही यह एप्पल पर सबसे ज्यादा डाउनलोड की गई एप्लीकेशन बन गए।