साणंद में राहुल के बाद अब आडवाणी गरजे, मोदी की जमकर की तारीफ

साणंद (गुजरात)। मंगलवार पहले चरण के चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। इसलिए गुजरात के दो मुख्य दलों भाजपा और कांग्रेस ने प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। सोनिया के बाद अब जहां राहुल गांधी ने चुनावी मोर्चा संभाल रखा है, वहीं भाजपा की ओर से अब लालकृष्ण आडवाणी भी मैदान में हैं।
आडवाणी ने साणंद में एक विशाल चुनाव रैली को संबोधित करते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की और कहा कि गुजरात की जनता मोदी को सबसे ज्यादा इसीलिए चाहती है कि वे भ्रष्टाचार से किसी तरह का कोई समझौता नहीं करते।
गुजरात के विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, 'मैंने अपने जीवन काल में ढेरों चुनाव देखें हैं, लेकिन गुजरात का यह विधानसभा चुनाव दुनिया का पहला ऐसा चुनाव है, जिस पर देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की नजर टिकी हुई है।'
आडवाणी ने तो मोदी की विशाल जीत पर भरोसा जताते हुए यहां तक कहा कि 'मोदी को बड़ी जीत वैसे ही मिलनी वाली है, इसलिए मुझे तो लगता है कि मेरा यहां भाषण देना भी जरूरी नहीं है।'
आडवाणी ने अपने संबोधन में सिर्फ भ्रष्टाचार और गुजरात के विकास को ही मुख्य मुद्दा बनाया। उन्होंने अपने भाषण में कहीं भी सोनिया गांधी या प्रधानमंत्री का नाम नहीं लिया।






