सिद्घपुर (गुजरात)। बॉलिवुड शहंशाह अमिताभ बच्चन ने सोमवार को यहां मातृ गया तीर्थ सिद्घपुर में दिवंगत मां तेजी बच्चन का तर्पण अनुष्ठान किया। इस दौरान वे भाव-विभोर नजर आ रहे थे। बिग-बी ने परिवारजनों को साथ लिए बिना मातृ तपर्ण अनुष्ठान के लिए रंज भी व्यक्त किया।
तीर्थ प्रार्थना, हेमाद्री संकल्प, मातृ गया श्राद्घ, मातृषोडषी एवं पिंड विसर्जन आदि अनुष्ठान किए। श्राद्घ अनुष्ठान करवाने वाले पंडित किरणभाई शास्त्री ने बताया कि आरंभ में अमिताभ ने 20 मिनट में दिवंगत मां के कल्याणार्थ अनुष्ठान पूर्ण करने की इच्छा जताई थी किन्तु 20 की बजाय 27 मिनट पूर्ण विधि विधान से अनुष्ठान किए। पिंडदान के समय उनकी आंखों में आंसू झलक रहे थे। सिद्घपुर उत्तर गुजरात अंचल के पाटण जिले का हिस्सा है।
बहरहाल, इससे पहले बिग-बी ने बिंदु सरोवर चौक में मातृ गया एवं श्राद्घ सहित विधियों पर करीब 30 मिनट तक खुशबू गुजरात की... (केजीके) के लिए शूटिंग की। उल्लेखनीय है अमिताभ बच्चन गुजरात पर्यटन विभाग के ब्रांड एम्बेस्डर के रूप में इन दिनों गुजरात के पर्यटन, ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक महत्व के स्थलों पर शूटिंग कर रहे हैं।
सोमवार को ही उन्होंने कला नगरी वढगर में भी शूटिंग की। शास्त्रीय संगीत मर्मज्ञ जुड़वां बहन ताना-रीरी की कर्म और बलिदान भूमि के लिए जाना जाता है। इन जुड़वां बहनों ने संगीत सम्राट तानसेन को दीपक राग से उनकी देह में पैदा हुई अग्नि ज्वालाओं से मुक्ति दिलवाई थी।
(फोटोग्राफर : निरंजन ठाकर)