ब्रिटिश प्रधानमंत्री कैमरून से मोदी की मुलाकात के लिए लॉबिंग

गांधीनगर। ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरून अगले सह्रश्वताह से भारत दौरे पर पहुंच रहे हैं। कैमरून के साथ शिक्षा
और उद्योग जगत का एक प्रतिनिधिमंडल भी आने वाला है। इसमें पांच भारतीय मूल के सदस्यों को शामिल किया गया है। दूसरी ओर एक वर्ग मोदी की कैमरून के साथ मुलाकात के लिए सक्रिय है किन्तु फिलहाल सफलता मिलती प्रतीत नहीं हो रही।
यह मुलाकात संभव होगी कि नहीं, समय ही बताएगा किन्तु ब्रिटिश प्रधानमंत्री के साथ आने वाले प्रतिनिधिमंडल में गुजरातियों का दबदबा रहेगा। 18 फरवरी को वे मुंबई पहुंच रहे हैं। अगले दिन दिल्ली का कार्यक्रम है। मुंबई में उद्यमियों से मुलाकात प्रस्तावित है जिसमें गुजरात के कई उद्यमी हिस्सा लेने वाले हैं। इसी तरह उनके साथ आने वाले प्रतिनिधिमंडल में एम.एस. विश्वविद्यालय के पूर्व वीसी लॉर्ड भीखू पारिख शामिल हैं। डॉ. पारेख हाल ही में प्रधानमंत्री के सलाहकार नियुक्त हुए हैं।
‘वायब्रंट गुजरात’-2013 में ब्रिटेन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। गुजरात सरकार के इस द्विवार्षिक आयोजन से पहले ही मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर ब्रिटेन ने अपने करीब एक दशक पुराने रुख को बदला था। अब कैमरून भारत आ रहे हैं। इसलिए एक वर्ग कैमरून-मोदी के बीच सीधी बैठक के लिए प्रयासरत है किन्तु अभी तक सफलता नहीं मिली है।









