सूरत।भारतीय रेलवे ने देशवासियों को हवाई यात्रा का विकल्प देने का मन बनाया है। इस क्रम में 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन दौड़ाने की तैयारी की जा रही है। ऐसी पहली ट्रेन मुंबई से दिल्ली के बीच दौड़ाने की योजना है। सब कुछ ठीक रहा तो 2016-17 तक यह योजना साकार हो जाएगी। फलत: महज सात घंटे में मुंबई से दिल्ली पहुंचा जा सकेगा। अभी मेरठ-दिल्ली के बीच 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से शताब्दी ट्रेन दौड़ती है।
रेलवे सूत्रों का कहना है कि तेज रफ्तार ट्रेन के लिए विशेष कोच और इलैक्ट्रिक इंजन निर्माण का ऑर्डर जापान को दे दिया गया है। दरअसल, अभी मुंबई से दिल्ली का सफर करने में 14 घंटे लगते हैं। रेलवे इस यात्रा अवधि को घटाना चाहता था। इस विचार के साथ रेलवे और जापान के विशेषज्ञों ने एक सर्वेक्षण किया। सर्वेक्षण में सकारात्मक संकेतों के बाद इस रूट पर द्रुतगति ट्रेन चलाने की संभावनाओं को साकार करने का मन बनाया गया है।
कई स्तरों पर बदलाव की दरकार:
जापान के साथ परामर्श के बाद नई राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन निर्माण का फैसला किया गया है। हालांकि नई ट्रेन के कोच और ट्रेन की डिजाइन में काफी अंतर होगा। कई मौजूदा ट्रैक और स्टेशनों पर भी आवश्यकता अनुसार बदलाव करना होगा। सूत्रों के अनुसार इससे संबंधित कागजी कार्रवाई को अंतिम रूप दे दिया गया है। रेलवे मंत्रालय ने जापान को विशेष कैपिसिटी वाले करीब 12 कोच एवं स्पेशल इलैक्ट्रिकल इंजन का ऑर्डर दिया है। आने वाले दिनों में ट्रैक व ब्रिज के मजबूतीकरण के काम को शुरू कर दिया जाएगा।
सीपीआरओ कहिन:
इस बारे में वेस्टर्न रेलवे के सीपीआरओ शरतचंद्रयान कहते हैं कि उक्त आशय के प्रस्ताव को रेलवे मंत्रालय एवं वेस्टर्न रेलवे ने गंभीरता से लिया है। आने वाले पांच सालों में ऐसी ट्रेन दौड़ती नजर आए तो किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए।