मोदी का चीनी प्रेम केंद्र सरकार को रास नहीं आ रहा ?
Source: bhaskar network | Last Updated 14:32(09/02/12)
गांधीनगर। हाल ही में चीन के एक दल का गुजरात आना और फिर मुख्यमंत्री नरेंद मोदी का चीन जाना। चीनी उद्योगपतियों द्वारा गुजरात में निवेश की बात करना। ये कुछ हालिया ऐसे मामले हैं, जो मोदी के चीन प्रेम को प्रदर्शित करते हैं।
लगता है केंद्र सरकार को मोदी का बढ़ता चीनी प्रेम रास नहीं आ रहा है। सूत्रों के मुताबिक केंद्र ने गुजरात सरकार को मार्च मंे प्रस्तावित उच्च स्तरीय चीनी प्रतिनिधिमंडल के गांधीनगर दौरे को तत्काल प्रभाव से रद्द करने का निर्देश दिया है।
हाल ही में मोदी ने चीनी प्रेम दिखाकर काफी वाहवाही भी लूटी थी। दरअसल मोदी की चीन यात्रा के कुछ दिन बाद ही चीन की एक स्थानीय अदालत ने वहां दो वर्ष से कैद भारतीय हीरा व्यापारियों की रिहाई के आदेश दे दिए थे, जिसका श्रेय भी मोदी को मिला था, क्योंकि मोदी ने चीन में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया भी था।
अब जिझांग प्रांत के उप गवर्नर चेन जियुअन के नेतृत्व में एक चीनी प्रतिनिधीमंडल गांधीनगर आ रहा है, जो मोदी से मुलाकात करेगा। इसी बात पर केंद्र सरकार ने गुजरात सरकार से कहा है कि वे इस दौरे को रद्द कर दे।
हालांकि इसके पीछे का कारण यह बताया गया है कि चीन द्वारा विगत में अरुणाचल प्रदेश में तैनात भारतीय वायुसेना के अफसर को वीजा नहीं देने और चीनी में दो भारतीय व्यापारियों और भारतीय राजनयिक के साथ हुई बदसलूकी के खिलाफ विरोध प्रकट करना है।
नई दिल्ली में गुजरात सरकार के रेजीडेंट कमिoAर द्वारा गांधीनगर भेजे गए नोट में यह बात लिखी गई है कि जिझांग प्रांत के उप गवर्नर चेन जियुअन के नेतृत्व में आ रहा चीनी प्रतिनिधमंडल मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेगा।
इसके साथ ही नोट में लिखा गया है कि जिझांग वहीं प्रांत है जहां पिछले दिनों दो भारतीय व्यापारियों को उनके होटल से बाहर नहीं निकलने दिया गया था और उनकी मदद करने गए भारतीय राजनयिक को भी भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ा था।