सगाई में हुई देरी तो लगा दी मौत की छलांग! देखें तस्वीरों में...

अहमदाबाद। सोमवार सुबह एलिसब्रिज से कूदकर एक प्रेमी जोड़े ने आत्महत्या कर ली। नदी में छलांग लगाते समय इन्हें राहगीरों ने इन्हें देखा और फायर ब्रिगेड व पुलिस को इसकी सूचना दी थी। इससे पहले की कोई इनकी मदद कर पाता, दोनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस पूछताछ में इनके परिजनों ने बताया कि दोनों जल्दी सगाई न हो पाने की बात से नाराज थे।
घटना सोमवार सुबह लगभग 10.45 बजे की है। एलिसब्रिज पर एक प्रेमी जोड़ा खड़ा हुआ था। कुछ देर तक आपसी बातचीत के बाद इन्होंने एक साथ नदी में छलांग लगा दी। ब्रिज से गुजर रहे कुछ राहगीरों ने इन्हें देखा और फायर ब्रिगेड व पुलिस को इसकी सूचना दी। लगभग 10-15 मिनट में ही फायर ब्रिगेड व पुलिस के जवान मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक प्रेमी जोड़े की मौत हो चुकी थी। जवानों ने इनके शवों को बाहर निकाला।
शवों की तलाशी के दौरान पुलिस को लड़के की जेब से उसका वोटर आईडी कार्ड मिला, जिसके आधार पर उसका नाम राजू खुशालदास आसोदिया (21) मालूम हुआ। लेकिन लड़की के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी थी। शवों को बाहर निकालने के बाद ही मीडिया में इनकी खबर व फोटो आनी शुरू हो गई, जिससे लड़की के परिजनों ने इन्हें पहचान लिया और लड़की की पहचान रिंकू परमार (20) के रूप में हुई। लड़की के परिजनों ने इसकी जानकारी लड़के के परिजनों को दी।
पुलिस पूछताछ में खुद परिजनों ने इस बात को स्वीकारा कि राजू व रिंकू एक-दूसरे से प्रेम करते थे। दोनों के परिवार भी इनकी शादी के लिए तैयार थे और इनकी सगाई की बात चल रही थी। लेकिन राजू के बड़े भाई के कुंवारे होने के चलते राजू का परिवार चाहता था कि बड़े भाई की शादी होने के बाद ही इनकी सगाई और शादी की जाएगी।
बस, यही बात राजू और रिंकू को नागावार गुजरी और दोनों ने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस जांच जारी है।
देखें तस्वीरों में..(फोटोग्राफर : विजय झवेरी, अहमदाबाद)





