राज्यसभा सदस्य के भतीजे ने प्रेमिका के साथ की आत्महत्या

महेसाणा (गुजरात)।कडी तहसील के वडावी गांव में एक प्रेमी जोड़े ने रविवार को कैनल में कूदकर आत्महत्या कर ली। स्थानीय तैराकों और फायर ब्रिगेड के जवानों की लगभग 5 घंटे की मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला जा सका। मृत युवक राज्यसभा के सांसद नटुजी ठाकोर का भतीजा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस जांच में पता चला है कि कडी तहसील के वडावी गांव में रहने वाले भगाजी ठाकोर के 24 वर्षीय विवाहित पुत्र मेलाजी ठाकोर के गांव की ही विवाहित लड़की गौरी ठाकोर (21) से प्रेम संबंध थे। रविवार दोपहर को दोनों बाइक से दशामा के मंदिर में दर्शन के लिए आए थे।
इसके बाद दोनों ने मंदिर के पास से ही गुजरने वाली कैनल में छलांग लगा दी। कुछ लोगों ने इन्हें कैनल में छलांग लगाते हुए देख लिया था। उन्होंने तुरंत स्थानीय लोगों को इसकी खबर दी। कुछ देर बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
स्थानीय तैराकों और फायर ब्रिगेड के जवानों की लगभग 5 घंटों की मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाल लिया गया। शव की शिनाख्त करने पर युवक के राज्यसभा सांसद नटुजी ठाकोर के भतीजे होने की बात सामने आई। घटना की सूचना मिलते ही सांसद नटूजी ठाकोर भी मौके पर पहुंच गए थे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि अभी तक आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।






