तुम हमें गैस दो, हम देंगे बिजली: मोदी
bhaskarnetwork
| Aug 04, 2012, 12:03PM IST
गांधीनगर . सीएम नरेन्द्र मोदी ने उत्तर भारत के राज्यों के लिए दो हजार मेगावॉट बिजली देने का सशर्त ऑफर रखा है। शुक्रवार को केन्द्रीय मंत्री शरद पवार व जयराम रमेश के साथ बैठक में मोदी ने यह बात कही। पावर ग्रिड में पेच का जिक्र कर मुख्यमंत्री ने कहा कि 'उत्तर भारत के राज्यों में बिजली की तंगी के चलते पिछले दिनों ब्लैक-आउट का सामना करना पड़ा। इसके उलट सरप्लस विद्युत उत्पादन वाले गुजरात को गैस के अभाव में लगभग दो हजार मेगावॉट बिजली उत्पादन बंद करना पड़ा है। केन्द्र सरकार यदि गुजरात को जरूरत के अनुसार गैस दे तो देशहित की खातिर व उत्तर भारत के राज्यों के लिए दो हजार मेगावॉट बिजली देने के लिए तैयार है। केन्द्र तैयार हो तो गुजरात अपने बंद विद्युत उत्पादन केन्द्र सौंपने को तैयार है ताकि वे खुद ही गैस लाएं और यहां बिजली बनाकर उत्तर भारत के राज्यों के लिए ले जाएं।