गुजरात के शिल्पकार अक्षरधाम की तरह तराशेंगे वैद्यनाथ धाम को
Source: bhaskar network | Last Updated 13:02(25/01/12)
बृजेश उपाध्याय, दिल्ली। देश के प्रसिद्ध शिव मंदिर वैद्यनाथ धाम में गुजरात के अक्षरधाम की तरह निर्माण किया जाएगा। इस काम के लिए झारखंड पर्यटन विभाग ने गुजरात के सोमपुरा शिल्पकारों आमंत्रित किया है। ये शिल्पकार मंदिर स्थापत्य कला के लिए खासे मशहूर हैं।
केंद्र सरकार ने देश भर के 45 बड़े पर्यटन स्थल (मेगा टूरिस्ट डेस्टिनेशन) की सूची में देवघर को भी शामिल किया है। झारखंड पर्यटन के निदेशक सिद्धार्थ त्रिपाठी ने बताया कि राज्य के पावन स्थल देवघर में पर्यटकों के लिए क्यू काम्पलेक्स के निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने लगभग २३.७१ करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है।
इस निर्माण कार्य के लिए राज्य ने केंद्र को ३८ करोड़ खर्च का प्रस्ताव भेजा था। उन्होंने बताया कि अक्षरधाम मंदिर के तर्ज पर यहां भी क्यू काम्पलेक्स के निर्माण की योजना है। इससे निर्माण कार्य की लागत बढ़ सकती है।
केंद्र से सहयोग के बाद बाकी खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। केंद्र ने लगभग ११ करोड़ रुपए की पहली किस्त जारी कर दी है। काम्पलेक्स बनाने का जिम्मा हिंदुस्तान प्रीफैब लि. को सौंपने के लिए राज्य कैबिनेट में प्रस्ताव भेजा गया है। अक्षर धाम मंदिर बनाने वाले गुजरात के सोमपुरा समुदाय के लोगों को बुलाने बुलाने के लिए प्रीफैब लि. से पर्यटन विभाग की बात हो गई है।
श्रावणी मेले के दौरान होने वाली भीड़ को नियंत्रित करने और कांवड़ियों के सहूलियत के वास्ते क्यू काम्पलेक्स का निर्माण किया जा रहा है। इस काम्पलेक्स से होकर श्रद्धालुओं को शिव मंदिर तक पहुंचना होगा। इसमें कावड़ियों और श्रद्धालुओं को आराम करने के साथ ही शौचालय वगैरह की भी सुविधा होगी।