'सर क्रीक की जमीन उद्योगपतियों को दी तो आत्महत्या कर लूंगा'

गांधीनगर। गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया ने कहा है कि अगर नरेंद्र मोदी ने सिर क्रीक की जमीन उद्योगपतियों को दी तो वे आत्मदाह कर लेंगे। रविवार को उन्होंने कहा कि गुजरात के नागरिकों की कीमत पर मुट्ठी भर उद्योगपतियों को मालामाल करने वाले मोदी जान लें कि सिर क्रीक पर मछुआरों का अधिकार है। उन्होंने गुजरात सरकार पर रोटी-कपड़ा व मकान सरीखी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में देरी का भी आरोप लगाया।
मोढवाडिया ने दावा किया कि गुजरात की जनता ने सरकार की विफलता के विरोध में जबरदस्त मतदान किया है। उन्होंने कहा, 'भाजपा की मुंह में राम बगल में छुरी' नीति को लोग पहचान गए हैं। हार को सामने देख भयभीत मोदी विवेक खो बैठे हैं। उन्हें यह मालूम नहीं रहता कि वे क्या बोल रहे हैं। वे 'शेर आया. ..शेर आया' की तर्ज पर नकली मुद्दे उछाल रहे हैं।
जनता देगी 112: पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 112 सीटों पर जीत मिलने का विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि जनता में भाजपा विरोधी अंडरकरंट है। वहीं नेता प्रतिपक्ष शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि सिर क्रीक का मुद्दा मोदी की हताशा दर्शाता है। यह मुद्दा विदेश मंत्री के कार्यक्षेत्र में आता है। लेकिन गुजरात के मुख्यमंत्री कहते हैं कि गृहमंत्री के साथ बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा होनी है।







