वडोदरा। कल गुरुवार को गुजरात विधानसभा चुनाव की मतगणना का दिन है। गुजरात सहित पूरा देश अगली सुबह का इंतजार कर रहा है। सभी पार्टियों में मंथन का दौर चल रहा है। मीडिया ने भी नतीजों के संबंध में सर्वे कर लिए हैं और मोदी को गुजरात का बड़ा विजेता भी घोषित कर दिया है। अब तक सभी सर्वे में मोदी को पिछले चुनाव की तुलना में इस बार अधिक सीटें मिलना बताया गया है।
वहां सिर्फ मोदी ही बड़ी जीत का इंतजार नहीं कर रहे, बल्कि उनके समर्थकों के लिए भी आज की रात काटना मुश्किल सा है। जगह-जगह मोदी के लिए प्रार्थनाओं और पूजा-अर्चना का दौर है। इसी क्रम में वडोदरा शहर में मोदी के समर्थकों ने मंदिर में हवन किया और 150 सीटें जीतने हेतु 150 नारियल की आहुति दी।
हालांकि यहां पर मोदी खुद उपस्थित नहीं थे। इसलिए उनकी तस्वीर रखी गई थी। इसके अलावा एक समर्थक ने उनका मास्क लगाकर हवन में नारियल की आहुति दी।
उल्लेखनीय है कि दूसरे चरण में मध्य गुजरात के पांच जिलों की 40, उत्तर गुजरात की 32, अहमदाबाद शहर की 17 और कच्छ जिले की 6 सीटों के लिए मतदान हुआ। पहले चरण में 87 सीटों के लिए मतदान हो चुका है, जिसमें रिकॉर्ड 80 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ था।
देखें तस्वीरें...