मनीष पंड्या, वडोदरा। पादरा तहसील के सोखदाखुर्द गांव स्थित अंजनी फार्महाउस में एक वॉचमैन ने एक एनआरआई गर्भवती महिला की कुल्हाड़ी से काटकर नृशंस हत्या कर दी।
हत्या के बाद वॉचमैन पूरे परिवार सहित फरार है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि वॉचमैन महिला का लैपटॉप, मोबाइल और डायरी भी लूटकर ले गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
अमेरिका के शहर न्यूजर्सी में रहने वाली पायल पति तपन के साथ लगभग ढाई साल बाद हाल ही मे ंवडोदरा आई थी। गुरुवार तपन किसी काम के सिलसिले में मुंबई गया हुआ था और पायल सुबह फार्म हाउस पर अकेली आई थी। यहीं पर परेश ने पायल पर कुल्हाड़ी के कई वार कर उसकी नृशंस हत्या कर दी। हालांकि हत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पायल की हत्या की जानकारी सरपंच विनोदभाई ने पायल के भाई देव को फोन पर दी थी।
पुलिस ने खून से लथपथ कुल्हाड़ी फार्म हाउस से बरामद कर ली है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि वॉचमैन पायल की हत्या के बाद उसका लैपटॉप, मोबाइल और पर्स से कुछ सामान लेकर फरार हुआ है।
कुछ दिन पहले माफीनामा लिखा था :
चार दिन पहले वॉचमैन को शराब के नशे में देख पायल उस पर गुस्सा हुई थी। पायल के पिता ने भी वॉचमैन की शिकायत पुलिस में कर दी थी। लेकिन वॉचमैन के माफी पत्र लिखने पर पुलिस से उसकी शिकायत वापस ले ली गई थी। जांच में सामने आया है कि वॉचमैन पायल के पर्स से वह माफीनामा भी निकाल कर ले गया है।