जूनागढ़ (गुजरात)। चुनाव में मतदान के दिन हम किसी भी पूलिंग बूथ को देख लें, लगभग हरेक जगह मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें नजर आती हैं। लेकिन गुजरात में एक जगह ऐसी है, जहां सिर्फ एक ही पूलिंग बूथ होता है और एक ही वोटर। यह है जूनागढ़ का बानेज क्षेत्र। बानेज, गिर जंगल से लगा हुआ क्षेत्र है, जो एशियाटिक शेरों का घर है। आमतौर पर यहां सिर्फ पर्यटक ही आते हैं, सिंहदर्शन के लिए।
इस घने जंगल में एक ऐसा व्यक्ति भी है, जिसे देश का सबसे विशेषाधिकृत मतदाता कहा जा सकता है। ये हैं...भरतदास गुरु दर्शनदास। इस मतदान क्षेत्र में वे अकेले मतदाता हैं। इसके साथ ही वे हमेशा मतदान भी करते हैं।
मतदान के समय यहां सबसे अनोखी बात यह होती है कि इस एक वोट के लिए चुनाव आयोग यहां 7 कर्मचारियों का स्टाफ भेजता है। इसमें एक प्रिसाइडिंग ऑफिसर, एक पोलिंग एजेंट, एक प्यून, एक पुलिस जवान, एक होमगार्ड और दो वन-विभाग के कर्मचारी होते हैं।