पटना। बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ जद (यू) के बड़े नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। वहीं मोदी को पीएम उम्मीदवार की खबरों पर जेडी (यू) अध्यक्ष शरद यादव ने कॉर्पोरेट घरानों को चेतावनी दे डाली है। शरद ने कहा है कि कॉर्पोरेट लॉबी पीएम उम्मीदवार के तौर पर नरेंद्र मोदी का नाम उछाल रही है।
हालांकि उन्होंने साफ किया कि कुछ कॉर्पोरेट घराने ही ऐसा कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे घरानों को चेतावनी देते हुए कहा- ऐसा करने वाले आग से खेल रहे हैं। परिणाम अच्छा नहीं होगा। शरद ने कहा, 'एनडीए की तरफ से अभी तक पीएम उम्मीदवार तय नहीं हुआ है। पीएम की खोज बंद होनी चाहिए। न्यूक्लियर बम की तरह पीएम की खोज हो रही है। देश का पीएम कौन होगा, यह चुनने का काम राजनेताओं का है और संसद देश का पीएम चुनने के लिए सक्षम है।'
बिहार में शरद की पार्टी के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुले आम मोदी की पीएम उम्मीदवारी का विरोध करते रहे हैं। बिहार में सत्ताधारी जद(यू) को बड़ा झटका भी लगा है। पार्टी के प्रदेश महासचिव और प्रवक्ता शंभूनाथ सिन्हा ने नीतीश के खिलाफ बगावती तेवर दिखाते हुए गुरुवार को पद एवं पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। सिन्हा का कहना है कि नीतीश तानाशाह हो गए हैं।