सुरेंद्रनगर। गुजरात में एजुकेशन हब के रूप में पहचाने जाने वाले शहर सुरेंद्रनगर में बीते दिन तीन छात्रों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। तीनों 12वीं कक्षा के साइंस के छात्र थे। हालांकि इनकी मौत का रहस्य अब तक बरकरार है। जहां कुछ लोग इसे हत्या मान रहे हैं, वहीं कुछेक का मानना है कि यह दुर्घटना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरेंद्रनगर में किराए के मकान में रहने वाले ये तीनों दोस्त एसपी स्कूल के छात्र थे। तीनों रात के लगभग 1 बजे एक बाइक पर सवार होकर कहीं निकले थे। इसी बीच दूसरे दिन सुबह इनकी मौत की खबर आई। मौके पर पहुंची पुलिस को तलाशी के दौरान मालूम हुआ कि ये एसपी स्कूल के छात्र हैं। इसके बाद स्कूल में लाशों की शिनाख्त के लिए सूचना दी गई।
छात्रों की पहचान संजय सिंह मणीलाल पारघी (निवास : बी-22, सिद्धार्थ सोसायटी, हरणी रोड, वडोदरा), यशवर्धन हषवर्धन चंदेल (निवास : गाम मिया, करजण, जिला-वडोदरा) व रणजीत केशुभाई कालावदरा (निवास : गाम सोढाया, वाया बगवदर, जिला-पोरबंदर) के रूप में हुई है।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह हत्या का मामला है या दुर्घटना का। संदेहास्पद स्थिति इसलिए भी है कि इनमें से दो छात्रों के शव ढाब के नीचे पड़े थे, जबकि एक छात्र का शव ढाब के छप्पर पर था। इसके साथ ही घटना स्थल पर एक बड़ा गड्ढा भी है, इसलिए इसे दुर्घटना का मामला भी माना जा रहा है। पुलिस की मानें तो यह भी हो सकता है कि बाइक की भीषण दुर्घटना हुई हो और उछलकर तीसरा छात्र ढाबे की छत पर जा गिरा हो।
देखें तस्वीरें...