राजकोट में दिन-दहाड़े 2 करोड़ की लूट
Source: bhaskar network | Last Updated 18:14(06/02/12)
राजकोट। अपराधियों के लिए स्वर्ग बनते जा रहे राजकोट शहर में फिर एक बड़ी लूट की घटना सामने आई है। शहर के बेडीनाका इलाके में स्थित जेवर बनाने वाले एक कारखाने में लुटेरे रविवार दोपहर दाखिल हुए और कारीगरों के हाथ-पैर बांधकर तिजोरी से लगभग साढ़े सात किलो वजन के जेवरात लूटकर फरार हो गए। लूटे गहनों की कीमत लगभग दो करोड़ रुपए आंकी गई है।
दरअसल जेवरात बनाने का यह कारखाना एक किराए के मकान में संचालित होता था। कारखाने का मालिक मूल राजस्थान का है। पुलिस अंदाजा लगा रही है कि कारखाने मंे काम करने वाले किसी कारीगर की मिलीभगत से ही इस घटना को अंजाम दिया गया है। इसलिए चारों कारीगरों की सख्ती से पूछताछ की जा रही है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार चारों कारीगरों के बयानों में विरोधाभास है, इसलिए पुलिस का शक इन्हीं पर है।
वारदात में चार आरोपी शामिल हैं। रविवार को चारों इस मकान में चाकू और रिवॉल्वर के साथ दाखिल हुए थे। इस समय कारखाने मंे मैनेजर सहित चार कारीगर मौजूद थे। आरोपियों ने चारों के हाथ-पैर बांधकर उनके मुंह में टेनिस की बॉल ठूंस दी थी। इसके बाद तिजोरी में रखे लगभग साढ़े सात किलो के सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना के कुछ देर बाद जब एक पड़ोसी यहां दाखिल हुआ और उसने चारों के हाथ-पैर खोले।