फेल होने का डर दिखा कर डेढ़ साल तक टीचर करता रहा 'गलत काम'

अम्बाला सिटी. एक शिक्षक पिछले डेढ़ साल से अपने ही स्कूल की छात्रा से छेड़छाड़ कर रहा था। छात्रा शिक्षक की इस हरकत को टालती रही। जब शिक्षक अपनी हरकत से बाज नहीं आया तो उसने 20 दिन पहले प्रिंसिपल को शिकायत की। प्रिंसिपल ने इस मामले में एक कमेटी बनाई।
जब कुछ नहीं हुआ तो छात्रा ने परिजनों का सहारा लेकर पुलिस की मदद ली। पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार शिक्षक फरार है।
यह मामला सिटी के एसए जैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल का है। सिटी थाना प्रभारी रामनिवास के अनुसार पंजोखरा में रहने वाली छात्रा नौवीं कक्षा में पढ़ती है। जो शिकायत मिली है, उसके अनुसार छात्रा का कहना है कि शिक्षक हरमिंद्र सिंह पिछले डेढ़ साल से छेड़छाड़ कर रहा था।
उसने शिक्षक को कई बार टोका लेकिन वह नहीं माना। परेशान होकर उसने प्रिंसिपल प्रदीप पांडेय को शिकायत की। जब स्कूल की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं हुई तब छात्रा अपनी मां व मामा के साथ सिटी थाना पहुंची।
शिकायत की जांच करा रहे थे: प्रिंसिपल प्रदीप पांडेय का कहना है कि छात्रा ने 14 दिसंबर को शिक्षक के खिलाफ शिकायत की थी। हमने गंभीरता बरती और स्कूल प्रबंधन कमेटी को बताया। कमेटी ने जांच के लिए एक टीम बनाई। टीम छात्रा की सहपाठियों से पूछताछ कर रही थी।
जांच रिपोर्ट हमारे पास आने से पहले ही छात्रा ने पुलिस को शिकायत दे दी। अब कानून अपना काम करेगा। शिकायत के बाद से ही शिक्षक को स्कूल आने से मना कर दिया गया है। यह शिक्षक 28 साल से पढ़ा रहा है।
फेल करने का डर दिखाता था
छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह स्कूल बस से आती-जाती है। उसी बस में उसका शिक्षक भी पटवी क्षेत्र से आता था। बस में शिक्षक उसके पास आकर बैठ जाता था। छात्रा का कहना है इसी स्कूल में उसका छोटा भाई भी पढ़ता है और साथ ही आता-जाता है।
यह शिक्षक उसके भाई को उसकी सीट से उठाकर खुद बैठ जाता था। बस में वह अश्लील हरकतें करता था। जब वह विरोध करती तो कहता था कि किसी से कहना मत, वरना अंग्रेजी व सामाजिक अध्ययन विषय में फेल कर दूंगा।








