एक और बुरी खबर! स्टेशन पर पांच रुपए महंगा 'जनता खाना'

अम्बाला। रेलवे स्टेशन पर सस्ता मिलने वाले 'जनता खाना' के दाम रेलवे ने साल के अंत में बढ़ा दिए हैं। खानपान वस्तुओं की संशोधित रेट लिस्ट जारी कर दी गई है। जनता खाना पांच रुपए महंगा किया गया है जबकि रिफ्रेशमेंट रूम में मिलने वाली वेज थाली के दाम 13 रुपए बढ़ा दिए गए हैं।
नॉन-वेज थाली, ब्रेक फास्ट, चाय व अन्य वस्तुओं के दामों में इजाफा हुआ है। रेल मुख्यालय ने नई रेट लिस्ट अलग-अलग रेल मंडलों को प्रेषित कर दी है। जनवरी महीने से स्टेशन पर यह रेट लिस्ट लागू हो जाएगी। गौरतलब है कि दो महीने पहले ही रेलवे ने कुछ अन्य खानपान वस्तुओं की रेट लिस्ट जारी की थी। इनमें अब फिर से संशोधन किया गया है। रेल अफसरों की मानें तो जनवरी से नई रेट लिस्ट स्टेशनों पर लागू हो जाएगी।
आम यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर सस्ती दरों में खाना उपलब्ध कराने के लिए जनता खाना योजना शुरू की गई थी। पहले दाम 10 रुपए थे। पर अब दाम बढ़ाकर 15 रुपए कर दिए गए हैं। 15 रुपए में जनता खाना में सात पूड़ी, आलू करी और अचार मिलेगा। इसके अलावा चाय के दाम रेलवे ने वर्षों बाद बढ़ाए हैं। पहले सामान्य चाय का मूल्य तीन रुपए था, अब पांच रुपए कर दिया गया है। दो टी बैग व दो शुगर पाउच के साथ मिलने वाली चाय के रेट 10 रुपए किए गए हैं। गौरतलब है कि पहले चाय का रेट तीन रुपए था, लेकिन वेंडर यात्रियों से पांच रुपए ही वसूलते थे। अब यात्रियों को स्टेशन पर खानपान के लिए अधिक पैसे देने होंगे।
दस रुपए का आधा लीटर पानी
रेलवे ने कुछ दिन पहले ही रेल नीर के दाम प्रति लीटर बोतल 12 से 15 रुपए कर दिए थे पर अब नई रेट लिस्ट में आधी लीटर पानी की बोतल का प्रावधान रखा गया है। स्टेशन पर आधा लीटर पानी की बोतल यात्रियों को दस रुपए में मिलेगी। इससे पहले आधा लीटर की बोतल स्टेशन पर नहीं होती थी। अब स्टाल संचालक आधा लीटर बोतल भी स्टालों पर बेच सकते हैं।









