दामाद को बना लिया बंधक, फिर कहा बेटी के नाम करो 20 लाख रूपए और तीन एकड़ जमीन

फरीदाबाद. दामाद को बंधक बनाकर परिजनों से बेटी के नाम 20 लाख रुपए व तीन एकड़ जमीन मांगने का मामला सामने आया है। पीडि़त का आरोप है कि इस मामले में सूरजकुंड थाना व अंखीर पुलिस चौकी इंचार्ज कार्रवाई करने से बच रहे हैं। इसकी शिकायत पुलिस कमिश्नर से भी की गई है।
क्या है मामला : बडख़ल गांव निवासी अहमद हसन ने पुलिस कमिश्नर को दी शिकायत में कहा है कि उनके बेटे सकरूल्ला की शादी 14 मार्च 2010 को हुई थी। पुत्रवधु का पिता दिल्ली पुलिस में कार्यरत है। इसलिए अक्सर रौब दिखाकर धमकियां देते रहते हैं।
उनका बेटा 5 फरवरी 2013 को घूमने के लिए बडख़ल झील के पास गया था। इसके बाद वह वापस नहीं आया। इसी बीच पता लगा कि उनके बेटे को रिश्तेदारों ने ही अगवा कर लिया है।
बाद में बेटे के ससुर का फोन आया कि बीस लाख रुपए व तीन एकड़ जमीन अपनी पुत्रवधु के नाम कर दो। यदि ऐसा नहीं किया तो अंजाम बुरा होगा। इसकी शिकायत उन्होंने सीपी को दी। उनकी मांग है कि उनके बेटे को मुक्त कराया जाए।








