अम्बाला सिटी. ‘एक तितली मुझसे टकराई, और मैं देखते ही देखते फूल हो गया’ सिटी के प्रेम नगर गवर्नमेंट स्कूल में कुछ इस तरह ‘रूबरू’ कार्यक्रम में पंजाबी और हिंदी के मशहूर कवि ने अपने आप को व्यक्त किया। बुधवार को साहित्य गतिविधियों के तहत पंजाबी अध्यापक मंच की ओर से ‘रूबरू’ का आयोजन किया गया। इस अवसर हिंदी और पंजाबी के मशहूर कवि डा. सुदर्शन गासो ने अपनी कविताओं, कृतियों, रचनाओं और विचारों से लोगों को अवगत कराया। कार्यक्रम में संयोजक गुरचरन सिंह ने राज्य कवि पुरस्कार से सम्मानित डा. गासो का जीवन परिचय और उनके सम्मानों के बारे में परिचय दिया। इस अवसर पर डा. गासो ने पंजाबी भाषा कि स्थिति पर भी अपने विचार रखे।
उन्होंने कहा कि स्कूलों, कालेजों व विश्वविद्यालयों में पंजाबी अध्यापकों की नियुक्ति करना समय की मांग है जिसे सरकार को तुरंत पूरा किया जाना चाहिए। इस अवसर पर मनजीत कौर अम्बालवी, डा. सरिता गोयल, कांता देवी, अजायब सिंह, सुखबीर कौर, अनु शर्मा व गुरचरन सिंह जोगी ने भी अपनी कविताएं और रचनाएं पेश कीं।